मार्च में मई सा माहौल, पारा @ 39 डिग्री
बुलंदशहर। तापमान लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है।
बुलंदशहर में बुधवार को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 44 फीसदी और हवा की गति 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही। सुबह से ही तपिश ने अपना रंग दिखाना शुरू किया। दोपहर में तेज धूप के कारण सड़कों पर आवाजाही कम दिखी। शाम तक हवा में गर्मी बनी रही। रात के समय भी उमस बढ़नी शुरू हो गई है। केवीके के मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामानंद पटेल ने बताया कि आगामी तीन दिन में तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना बन रही है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में एक डिग्री का इजाफा होकर 22 डिग्री रहेगा। आने वाले दिनों में भीषण तपिश और गर्म हवाओं के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है।
पिछले दिनों में इस तरह रहा तापमान
दिनांक-अधिकतम और न्यूनतम तापमान
25 मार्च- 36 और 21 डिग्री
26 मार्च- 35 और 21 डिग्री
27 मार्च - 37 और 19 डिग्री
28 मार्च - 38 और 21 डिग्री
29 मार्च - 39 और 21 डिग्री
30 मार्च - 39 और 21 डिग्री