प्रधान पुत्र ने छत से लहराया तमंचा, वीडियो वायरल
बुलंदशहर। सिकंदराबाद थाना के गांव मोलाबाद में प्रधान पुत्र एवं अन्य परिजनों पर छत से हथियार लहराने का आरोप लगा है। छत से तमंचा तानने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस कार्यालय पर प्रदर्शन कर एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शुक्रवार सुबह सिकंदराबाद के गांव मोलाबाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में एक घर की छत से कुछ लोग नीचे एकत्र लोगों पर हथियार तानते और धमकी देते हुए नजर आ रहे थे। दोपहर में गांव मोलाबाद से कई लोग एकत्र होकर पुलिस कार्यालय पहुंचे। इन लोगों में शामिल बबीता पत्नी अजय ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसकी सगी बहन की शादी ससुराल पक्ष के युवक से हुई है। पारिवारिक विवाद को लेकर बहन का पति एवं अन्य परिवारीजन उनसे रंजिश मानते हैं। इसी रंजिश के चलते 21 जुलाई को आरोपी पक्ष द्वारा उनके घर में घुसकर उसके पति एवं अन्य परिवारीजनों से मारपीट की गई। इसकी शिकायत चौकी पुलिस से कर दी गई। 22 जुलाई को पुन: आरोपी पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की और फिर भागकर प्रधान के घर में जाकर छिप गए। जब ग्रामीण वहां एकत्र हुए तो प्रधान पुत्र एवं अन्य युवकों द्वारा दुनाली बंदूक, तमंचा आदि हथियार तानकर गोली मारने की धमकी दी गई। एसएसपी ने सिकंदराबाद पुलिस को मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।