नहर में मिला बच्चे का शव, शिनाख्त नहीं
अनूपशहर/नरौरा। रामघाट क्षेत्र से गुजर रही अनूपशहर ब्रांच नहर में शुक्रवार को एक बच्चे का शव मिला। पहले पुलिस ने शव अनूपशहर के गांव अंबा से लापता मासूम कुणाल के होने की आशंका जताई थी। लेकिन, परिजनों ने शव कुणाल का नहीं होना बताया।
रामघाट थाना क्षेत्र के गांव रामपुर के निकट अनूपशहर ब्रांच नहर जो कि अनूपशहर से आती है, उसमें लगभग 9 वर्षीय बालक का शव शुक्रवार को मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त की कोशिश की। लेकिन, शव अत्यधिक फूला व सड़ी गली अवस्था में था, जिससे शिनाख्त कर पाना मुश्किल हो रहा था। पुलिस ने शव के अनूपशहर के गांव अंबा से लापता मासूम कुणाल के होने की आशंका जताई थी। जिसके बाद अनूपशहर कोतवाल व कुणाल के पिता ने मौके पर पहुंच कर शिनाख्त की, लेकिन उन्होंने शव कुणाल का होने से इनकार कर दिया। रामघाट थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चे की उम्र 7 से 9 वर्ष के आसपास होने की संभावना जताई है। शव का डीएनए सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी।