वेंडिंग जोन में लगवाए जाएं ठेले-खोंमचे: डीएम
बुलंदशहर। खुर्जा में पॉटरी व्यवसायियों के साथ बैठक करते हुए डीएम-एसएसपी ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान डीएम सीपी सिंह ने नगर पालिका अधिकारियों को आदेश दिए कि एक स्थान पर वेंडिंग जोन चिन्हित करते हुए ठेले व खोंमचे वहीं लगवाए जाएं। साथ ही शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान चलाया जाए।
डीएम सीपी सिंह, एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने पॉटरी व्यापारियों के साथ बैठक में कहा कि खुर्जा में बनने वाली पॉटरी की देश ही नहीं विदेशों में भी पहचान है। खुर्जा की विदेशों में भी पहचान होने पर हम सभी कादायित्व है कि अपने नगर को साफ सुथरा बनाए। इसलिए सभी लोगों के द्वारा अपने आसपास साफ सफाई करते हुए अपने प्रतिष्ठानों एवं घरों में डस्टबिन रखकर कूड़ा उसमें डाला जाए। नगर पालिका द्वारा डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए आने वाली गाड़ी में कूड़े कोडाला जाए। नगर पालिका ईओ को निर्देशित किया कि नगर में साफ सफाई को नियमित रूप से कराते हुए कूड़े का उठान समय से सुनिश्चित कराया जाए। नगर को साफ सुथरा बनाने के लिए प्रतिदिन सफाईकर्मियों को लेकर नगर की एक सड़क और उसकी नाली की सफाई कराते हुए कूड़ा उठान कराया जाए। नगर के मुख्य चौराहों को जाम मुक्त कराए जाने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की जाए। व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि दुकान के बाहर किसी भी प्रकार से सामान न रखा जाए। ई रिक्शा से भी जाम की समस्या होने पर निर्देशित किया कि ई-रिक्शा की कलर कोडिंग करते हुए उनका रूट निर्धारित किया जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देहात बजरंगबली चौरसिया, उप जिलाधिकारी खुर्जा लवी त्रिपाठी, सीओ खुर्जा संग्राम सिंह, एआरटीओ राजीव बंसल मौजूद रहे।