डिबाई/अनूपशहर। डिबाई के कर्णवास और अनूपशहर में दो अलग-अलग स्थानों गंगा स्नान को आए दो युवक डूब गए। जिनकी तलाश में स्थानीय गोताखोर व पीएसी फ्लड प्लाटून के जवानों को लगाया गया है।
अनूपशहर के मस्तराम घाट पर परिजनों संग गंगा स्नान करने आया युवक डूब गया। डिबाई के गांव महाराजपुर निवासी 19 वर्षीय सचिन अपने पिता ओमप्रकाश व अन्य परिजनों के साथ फाल्गुन पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने के लिए अनूपशहर के मस्तराम गंगा घाट पर आया था। वह अपने परिजनों के साथ गंगा स्नान कर ही रहा था, कि इसी दौरान वह गहरे जल की चपेट में आकर डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि डूबने के दौरान सचिन ने शोर भी मचाया लेकिन जब तक उसे कोई बचा पाता तब तक वह लापता हो गया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोर व राजघाट से आए गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान प्रारंभ शुरू कर दिया।
डिबाई क्षेत्र के कर्णवास स्थित अस्थाई श्मशान घाट पर गंगा किनारे नाव से छलांग लगाने के दौरान एक युवक गहरे जल में डूब गया। कोतवाली निरीक्षक रण सिंह ने बताया कि गोताखोर युवक की तलाश में लगे हैं। क्षेत्र के गांव इछावरी निवासी 14 बर्षीय युवक प्रशांत कुमार परिवार व गांव के लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से गंगा तट पर स्नान के लिए पहुंचे थे। वह एक बहन तथा भाइयों में सबसे छोटा था।