संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर/जहांगीरपुर। जिले में बुखार से लगातार मौत हो रही है। बुधवार को बुखार से पीड़ित जहांगीरपुर निवासी एक किशोर व नगर निवासी एक व्यापारी के पुत्र की मौत हो गई। परिजनों दोनों का इलाज नोएडा के निजी अस्प्ताल में करवा रहे थे। व्यापारी का कहना है कि उनके पुत्र को डेंगू बुखार बताया गया।
नगर के कैलाशपुरी निवासी सैनेट्री व्यापारी प्रदीप अग्रवाल के 33 वर्षीय इकलौते पुत्र अंकुर अग्रवाल पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थे। पिता प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व पुत्र को बुखार होने पर उसने दवा ली थी। इसके बाद चिकित्सक को दिखाया। पांच दिन पूर्व ब्लड जांच कराने पर डेंगू बुखार की पुष्टि हुई। उसका इलाज नोएडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। लगातार प्लेटलेट्स गिरने से उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बुधवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उधर,
जहांगीरपुर कस्बे के मोहल्ला बहोरान निवासी 17 वर्षीय कमलकांत पुत्र रिंकू अग्रवाल पिछले दो सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। पिता रिंकू अग्रवाल ने बताया की दो सप्ताह पूर्व बुखार होने पर नजदीकी चिकित्सक को दिखाया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे खुर्जा व नोएडा के निजी अस्पताल में दिखाया। बुधवार को ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सीएमओ डॉ.विनय कुमार सिंह ने कहा कि बुखार से दोनों मौत की जानकारी मिली है। जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया नगर निवासी व्यापारी के पुत्र की मौत ब्लड प्रेशर लो होने की वजह बताई गई है।