बुलंदशहर। नगर के डीएवी फ्लाईओवर के पास शुक्रवार सुबह ई-रिक्शा सवार महिला के बैग से ढाई लाख रुपये चोरी हो गए। महिला बैंक से रुपये निकालने के बाद ई-रिक्शा में बैठकर घर जा रही थी। महिला ने ई-रिक्शा में बगल बैठी महिला पर बैग से रुपये चोरी करने का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी है।
मोहन कुटी निवासी आशा बंसल ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह रेलवे रोड स्थित स्टेट बैंक से ढाई लाख रुपये निकाले थे। आशा बंसल रेलवे रोड से ही घर जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सवार हो गईं थी। इनके साथ ही एक युवती भी इसी ई-रिक्शा में सवार हो गई। डीएवी फ्लाईओवर के पास युवती ई-रिक्शा से उतर गई। कुछ दूरी पर जाकर आशा बंसल ने बैग चेक किया तो उसमें से ढाई लाख रुपये गायब थे। पीड़िता ने नगर कोतवाली में अज्ञात युवती पर बैग से ढाई लाख रुपये चोरी करने की आशंका जता तहरीर दी है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और पीड़िता को साथ लेकर आरोपी युवती की भी तलाश की लेकिन, उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने अब बैंक व उसके आस पास लगे सीसीटीवी भी खंगालने शुरू कर दिए हैं। जल्द ही पुलिस मामले का राजफाश करने की बात कह रही है।
बता दें कि चर्चा है कि नगर में महिला चोरों का गैंग सक्रिय है। गैंग 15 दिन के अंदर ने दो महिलाओं को अपना शिकार बनाया है। गैंग की महिलाओं ने दोनों ही वारदातें ई-रिक्शा में बैठकर अंजाम दी हैं। जिससे यह साफ नजर आ रहा है कि यह किसी एक ही गैंग का काम है। दोनों ही मामलों में आरोपी अज्ञात महिला ही सामने आ रही है।
एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।