संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला कसाईबाड़ा में अवैध रूप से मांस की सप्लाई कर रहे दो आरोपियों को चार क्विंटल मांस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के दो साथी मौके से भागने में कामयाब रहे। आरोपियों के पास से कटान के उपकरण, पिकअप और पशुओं के अवशेष भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
नगर कोतवाली पुलिस शुक्रवार शाम को नगर क्षेत्र में चेकिंग व गश्त कर रही थी। जब पुलिस टीम मोहल्ला कसाईबाड़ा में पहुंची तो फैजान निवासी मोहल्ला मनिहारों वाला कुंआ रुकनसराय की मांस की दुकान के आगे एक पिकअप वाहन खड़ा था और चार लोग उसमें से मांस उतार रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने लगे, जिनमें से दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया, जबकि दो आरोपी मौके से भाग निकले। पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त सलमान निवासी मोहल्ला मनिहारों वाला कुंआ रुकनसराय और पिकअप ड्राइवर चाहत निवासी आरा मशीन वाली गली धमैड़ा अड्डा के रूप में हुई। दोनों की तलाशी लेने पर कटान में प्रयुक्त चाकू बरामद हुए। फरार होने वालों में दुकान मालिक फैजान और तौसीफ निवासी कसाईबाड़ा हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह चारों तीन भैंस लेकर खुर्जा गए थे, जहां मोहल्ला तरीनान के सामने एक गोदाम में भैंस काटकर लाए थे। इसमें से कुछ मांस बेचने के लिए फैजान अपनी दुकान में उतार रहा था और शेष मांस को आसपास के दुकानदारों को बेचना था। पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया है। सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही दोनों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।