बीमार युवक को शुक्रवार रात इलाज के लिए बाइक से लेकर जा रहे युवकों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जबकि बीमार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे मेरठ रेफर किया गया है। युवकों के मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
वीरखेड़ा के प्रधान विपिन शर्मा ने बताया कि अमित शर्मा (22) पुत्र परमानंद शर्मा गांव में आटा चक्की चलाता था। नरेंद्र (18) पुत्र संतोष 12वीं कक्षा में पढ़ता था।
गांव में नरेंद्र की रिश्तेदारी में शादी का कार्यक्रम था, जिसमें शरीक होने के लिए नरेंद्र का रिश्तेदार सोनू निवासी जेवर वीरखेड़ा आया हुआ था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे सोनू की तबीयत खराब हो गई।
अमित और नरेंद्र सोनू को बाइक से उसे बुलंदशहर में डॉक्टर के पास लेकर जा रहे थे। तभी अढ़ौली नहर के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने अमित और नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि सोनू को मेरठ रेफर किया गया है।