संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में शहर से लेकर देहात क्षेत्रों तक 25 बार ट्रिपिंग की गई। इसके अलावा तार व ट्रांसफार्मर में आई गड़बड़ी के नाम पर छह घंटे तक बिजली गुल रही। गर्मी बढ़ने के कारण लोड दोगुना हो गया है। ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन फॉल्ट और ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या भी बढ़ गई है।
हरि एन्कलेव निवासी बृजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात 12 बार बिजली कटौती की गई। बुधवार दिन में भी करीब 13 बार बिजली कटी। इस क्षेत्र के आसपास शिव कालोनी, चांदपुर रोड, यमुनापुरम और न्यूराज नगर में भी पिछले 24 घंटे में कई बार बिजली कटौती की लोगों ने बात कही। इसके अलावा अनूपशहर बस अड्डा, भूड़ चौराहा, शिकारपुर बाईपास और रोडवेज बस अड्डा क्षेत्र समेत अन्य स्थानों पर ट्रिपिंग की भरमार रही। इन क्षेत्रों में रहने वाले राजीव शर्मा, केशव देव, प्रताप सिंह और सलोनी ने बताया कि शहर के उपभोक्ताओं को 24 घंटे और गांव में 18 घंटे बिजली अनिवार्य रुप से आपूर्ति देने का सरकारी आदेश है, लेकिन यहां ऐसा नहीं हो रहा।
स्थिति यह बनी हुई है कि शहर और गांव में लोकल फाल्ट के चलते घंटों बिजली गुल रहती है। कारपोरेशन बिजली संसाधनों को सही करने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किया जा रहा है। इसके बावजूद जिले में अंधाधुंध कटौती जारी है। गर्मी बढ़ने के साथ ही लोड दोगुना हो गया है। इसके चलते ब्रेकडाउन ट्रांसफार्मर फुंकने और लाइनों में फॉल्ट बढ़ गए हैं। जबकि, शहर में लाइनों को बदलने के साथ क्षमता वृद्धि भी कर दी गई है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है।
ऊर्जा निगम के चीफ इंजीनियर सैयद रिजवी ने कहा कि गर्मी में बिजली की खपत दोगुना हो गई है। इसके चलते फॉल्ट बढ़ गए हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए क्षमता वृद्धि की जा रही है।