संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। हज-2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चयनित आजमीन-ए-हज को लगातार जरूरी सूचना दी जा रही है। पहली किस्त जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 81,800 रुपये की यह किस्त अब 15 फरवरी तक जमा की जा सकेगी। इससे पहले यह किस्त जमा करने के लिए 9 फरवरी तक का समय दिया गया था।
जिला हज प्रशिक्षण एवं टीकाकरण केंद्र प्रभारी हाजी नूर मोहम्मद कुरैशी ने बताया कि हज 2024 की यात्रा पर जाने वाले लोगों को अभी पूरी जानकारी नहीं है। बहुत सारे लोग परेशान हो रहे हैं, इसीलिए ऊपरकोट स्थित जिला हज प्रशिक्षण एवं टीकाकरण केंद्र में विशेष काउंटर लगाया गया है। हज के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म, पासपोर्ट और उसकी फोटो कॉपी, एक फोटो, उस पर पीछे हाजी का नाम, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पास बुक की फोटो कॉपी, कोरोना वैक्सीन का सर्टिफिकेट, फिटनेस मेडिकल सर्टिफिकेट और फोटो कॉपी, पेमेंट स्लिप या चेक 81,800 रुपये यह सभी दस्तावेज जरूरी होने हैं। यह सभी दस्तावेज हज कमेटी के कार्यालय उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, सरोजनीनगर, लखनऊ-226008 पर भेजे जाने हैं। वहीं, दूसरी ओर चयनित आजमीन-ए-हज को हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज की पहली किस्त की धनराशि जमा करने के लिए समय बढ़ाकर 15 फरवरी तक कर दिया है। कुरैशी ने बताया कि निर्धारित तिथि 15 फरवरी तक अग्रिम धनराशि जमा न करने वाले चयनित आजमीन-ए-हज का चयन निरस्त कर दिया जाएगा। उनके लिए यह आखिरी मौका है।