ककोड़। क्षेत्र के गांव झाझर में फुंका ट्रांसफार्मर 15 दिन बाद भी नहीं बदलने जाने से लोगों को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। लोगों में ऊर्जा निगम के खिलाफ रोष व्याप्त है। अधिकारियों के समस्या का समाधान नहीं करने पर लोगों ने अब मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है।
निवासी महेश कुमार, प्रदीप कुमार, ओमपाल सिंह, बबलू, राजवीर सिंह, मेहरचंद, कपिल ने बताया कि 15 दिन पहले उनके मोहल्ला का ट्रांसफार्मर फूंक गया था। एक सप्ताह बाद ट्रांसफार्मर को ठीक किया गया। लेकिन कुछ घंटे बाद ही ट्रांसफार्मर फिर से फुंक गया। अधिकारियों से बार-बार शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया। जिसके चलते मोहल्लावासी भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। वही उन्हें पानी की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। मोहल्लावासियों ने बताया कि बार-बार शिकायत के बाद भी अधिकारियों के समस्या का समाधान नहीं किए जाने पर अब उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर मुख्यमंत्री से शिकायत करते हुए ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग की है। जेई राजकुमार सिंह ने बताया कि मामला जानकारी में है। ट्रांसफार्मर को जल्द ही बदलकर आपूर्ति को सुचारू किया जाएगा।