अहमदगढ़/बुलंदशहर। युवती पर तेल डालकर उसे जलाने के इनामी आरोपी ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
अहमदगढ क्षेत्र के गांव सालवानपुर में करीब डेढ़ सप्ताह पहले शिकारपुर के गांव निवासी युवती को उसके प्रेमी और परिवार के लोगों पर पेट्रोल डालकर जला देने का आरोप है। युवती पूरी तरह से झुलस गई थी। उपचार के दौरान गत मंगलवार को युवती की दिल्ली में मौत हो गई।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी आशीष उसके भाई विवेक समेत परिवार की दो महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की । पुलिस ने आरोपी आशीष को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया था। वहीं, आरोपी विवेक की फरारी के चलते एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी विवेक ने बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। संवाद