दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को दिया तलाक
बुलंदशहर। नगर क्षेत्र निवासी एक युवती को दहेज की मांग पूरी न होने पर तलाक देकर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायत देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी संजीदा ने एसएसपी को बताया कि उसका निकाह फरवरी 2020 में अलीगढ़ के सासनी निवासी राशिद के साथ हुआ था। पीड़िता के अनुसार निकाह में उसके परिजनों ने पर्याप्त दान-दहेज दिया था, किंतु ससुरालीजन उससे संतुष्ट नहीं थे और दहेज की मांग पूरी करने के लिए लगातार परेशान कर रहे थे। आरोप है कि बीते दिनोें दहेज की मांग पूरी न होते देखकर आरोपियों ने पहले मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। इस दौरान पति ने तीन बार तलाक बोलकर तलाक भी दे दिया। पीड़िता ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने मामले में पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।