खुर्जा। खुर्जा जंक्शन चौकी क्षेत्र की बापू नगर कॉलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर दीपक की हत्या में पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
बापू नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर दीपक अपने घर से 28 अगस्त से लापता थे। दीपक के पिता ने सुनील कुमार ने 30 अगस्त को खुर्जा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार सुबह खुर्जा नगर स्थित आवास विकास कॉलोनी में बनी पानी की टंकी परिसर में नलकूप के पास दीपक का सड़ा गला शव मिला था। पुलिस ने दीपक की मां नीलम की तहरीर पर योगेश दीक्षित, कैलाश, मुनेश उर्फ बंटी, सुभाष शर्मा के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले में सीओ खुर्जा पूर्णिमा सिंह का कहना है कि घटना में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अन्य तथ्यों पर भी जांच की जा रही है। जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
नहीं मिली चोट, जहर की हुई पुष्टि
सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि दीपक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की चोट स्पष्ट नहीं हो पाई है। शव काफी पुराना होने के कारण निशान देखना मुश्किल था। जांच में शरीर में जहर की पुष्टि हुई है। विसरा प्रिजर्व किया गया है।