सिकंदराबाद। नेशनल हाईवे-34 पर पैदल सड़क पार करते हुए हादसों को रोकने के लिए दादरी से लेकर खुर्जा तक छह फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
नेशनल हाईवे-34 पर वाहनों की गति अधिक होने के कारण पैदल सड़क पार करते समय अक्सर यात्री वाहनों की चपेट में आने के कारण हादसों का शिकार हो जाते हैं। सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में संचालित औद्योगिक इकाइयों में तीस हजार से अधिक लोग कार्य करते हैं। हाईवे के एक ओर से दूसरी ओर जाने के लिए कर्मी को पैदल सड़क पार करनी पड़ती है, जिससे अक्सर औद्योगिक क्षेत्र में हादसे होते रहते हैं।
नेशनल हाईवे की संचालन कंपनी क्यूब हाईवे के प्रोजेक्ट हेड अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे पर हादसों को रोकने के लिए फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। एनएचएएआई ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लिया है। जल्द ही हाईवे पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। दादरी से लेकर खुर्जा तक छह स्थानों पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। जिसपर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फुट ओवरब्रिज के निर्माण से नेशनल हाईवे-34 पर पैदल सड़क पार करते समय होने वाले हादसों पर लगाम लगेगी।
इन स्थानों पर बनेंगे फुट ओवरब्रिज
1. दादरी में धूम मानिकपुर
2. सिकंदराबाद क्षेत्र में तेल मिल
3. नवीन फल एवं सब्जी मंडी
4. दारियापुर
5. खुर्जा क्षेत्र में कैलाश हॉस्पिटल
6. यज्ञदत्त मेडिकल कॉलेज