इस बार गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। इससे निजात दिलाने के लिए सभी बिजलीघरों में कैपिसेटर चालूू कराए जाएंगे। इस बाबत ऊर्जा सचिव ने सभी एक्सईएन, एसई को निर्देश दिए हैं। 15 अप्रैल तक सभी बिजलीघरों में कैपिसेटर चालू कर दिए जाएंगे।
बिजलीघरों में कैपिसेटर के प्रयोग से गर्मियों में लो वोल्टेज की समस्या खत्म हो जाती है। सभी बिजलीघरों पर आरएपीडीआरपी योजना के तहत कैपिसेटर लगाए गए थे लेकिन कुछ बिजलीघरों को छोड़ दें तो अधिकांश बिजलीघरों पर कैपिसेटर चालू हालत में नहीं हैं।
उपभोक्ताओं को गर्मियों में इमरजेंसी रोस्टरिंग के अलावा लो वोल्टेज की समस्या से भी जूझना पड़ता है। इस बार गर्मियों में उपभोक्ताओं को परेशानी न हो, इसको लेकर ऊर्जा सचिव ने सभी बिजलीघरों पर कैपिसेटर शुरू करने के निर्देश दिए हैं।