तीन चीनी मिलों पर किसानों का 58 करोड़ अब भी बकाया
बुलंदशहर। जिले के गन्ना किसानों का गन्ना खरीदने वाली जनपद और गैर जनपद की चीनी मिलों में नया गन्ना पेराई सत्र शुरू हो गया है। बावजूद इसके तीन चीनी मिलों ने अभी तक किसानों का 58 करोड़ रुपये का पुराना बकाया भुगतान नहीं किया है। डीसीओ ने जल्द भुगतान की बात कही है।
जिले के किसानों का गन्ना जिले की साबितगढ़, अनामिका, अनूपशहर और वेव शुगर मिल खरीदती हैं। जबकि गैर जनपद अमरोहा की चंदनपुर, संभल की रजपुरा और हापुड़ की ब्रजनाथपुर व सिंभावली मिल भी गन्ना खरीद करती हैं। इस बार नया गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पहले जिले की साबितगढ़, अनामिका और वेव शुगर मिल के साथ संभल की रजपुरा और अमरोहा की चंदनपुर चीनी मिल ने किसानों का गन्ना भुगतान कर दिया था। जबकि अनूपशहर चीनी मिल पर किसानों का 23 करोड़, ब्रजनाथपुर पर 20 करोड़ और सिम्भावली चीनी मिल पर 15 करोड़ रुपये बीते पेराई सत्र का बकाया है। अभी तक गन्ने का बकाया भुगतान न होने के कारण किसान परेशान हैं और अपनी फसल की राशि मिलने का इंतजार कर रहे हैं। दूसरी ओर नया गन्ना पेराई सत्र शुरू होने पर पूर्व में पुराना भुगतान करने वाली चीनी मिलों ने नए पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने का भुगतान करने की तैयारी शुरू कर दी है।
अनूपशहर चीनी मिल पर चल रहा पुराना भुगतान इसी माह के अंत तक करवा दिया जाएगा। जबकि ब्रजनाथपुर और सिम्भावली मिल से जल्द से जल्द भुगतान करने के लिए संपर्क किया जा रहा है। - डीके सैनी, जिला गन्ना अधिकारी।