बीए फाइनल की छात्रा ने घर में पंखे से रस्सी के सहारे फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के साथ मिलकर दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारा।
अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। परिजन किसी भी विवाद या तनाव से इनकार कर रहे हैं।अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव वाद के मूल निवासी कुवरपाल वर्तमान में परिवार सहित अहमदगढ़ में रहते हैं।
उनकी 20 वर्षीय पुत्री पूजा उर्फ संध्या बुलंदशहर स्थित गौरी शंकर कन्या डिग्री कॉलेज की बीए फाइनल की छात्रा थी। सोमवार की शाम करीब 4 बजे मकान के एक कमरे में उसकी मां पूनम बैठी थी। जबकि दूसरे कमरे में वह पढ़ रही थी।
पिता के घर लौटने पर बेटी को आवाज देने पर जबाब न मिलने पर उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खुलने पर उन्होंने खिड़की से झांका तो वह पंखे से झूलती दिखाई दी।
उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे की किवाड़ तोड़कर शव को नीचे उतारकर बाहर निकाला। एसओ महावीर सिंह ने बताया कि छात्रा के आत्महत्या किये जाने के कारणों का पता नहीं लगा है।