यूपी के बुलंदशहर में सलेमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बीए की छात्रा ने जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के फौजी पर शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर थाना सलेमपुर में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सलेमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा ने बीते दिनों एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि फरवरी 2020 में उसके मोबाइल पर एक कॉल आई थी, जिसमें कॉलर ने कहा कि उसने गलती से नंबर मिला दिया। हालांकि इसके बाद दोनों में अक्सर बात होने लगी। धीरे-धीरे आरोपी ने उसका विश्वास जीत लिया और उससे मिलने बुलंदशहर आ गया। जहां से वह उसे ककोड़ ले गया और उसे जूस पिलाया।
जिसके बाद ककोड़ के पास एक जंगल में स्थित होटल पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर पीड़िता ने आरोपी से कहा कि उसने उसके साथ धोखा किया है। जिस पर आरोपी ने उसके पैर पकड़ लिए और शादी करने का वादा किया, जिसके बाद उसने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। वहां से आरोपी पीड़िता को अपने गांव गोयला थाना जहांगीरपुर ले गया। जहां उसके रिश्तेदार भी रहते हैं।
रिश्तेदार के सामने भी आरोपी और उसके माता-पिता ने पीड़िता से शादी का वादा किया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी सेना में सिपाही के पद पर तैनात है। आरोपी ने कई बार दिल्ली में बुलाकर भी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। गत 18 सितंबर को पीड़िता को जानकारी मिली कि आरोपी रबूपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से शादी कर रहा है, जिस पर आरोपी व उसके माता पिता से बात की। लेकिन आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी है। पीड़िता की शिकायत पर थाना पुलिस ने आरोपी अमित निवासी गोयला थाना जहांगीरपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।