बुलंदशहर। एसएसपी साहब .... प्लॉट खरीदने के लिए एक महिला को 18 लाख रुपये दिए, लेकिन ने तो प्लॉट का बैनामा कराया और न ही रुपये वापस किए। बल्कि विरोध करने पर महिला ने दुष्कर्म का फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया। बार-बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और अब परिवार को इच्छा मृत्यु की अनुमति दे दो। सिकंदराबाद के जेवर रोड निवासी परवीन बानो ने एसएसपी को शिकायत देकर यह गुहार लगाई।
एसएसपी को शिकायत देकर सिकंदराबाद के जेवर रोड निवासी परवीन बानो ने बताया कि खुर्जा देहात के एक गांव निवासी महिला ने उसके बेटे शोएब के खिलाफ फर्जी शिकायत दी थी। इसके बाद आरोपी ने 2.35 लाख रुपये लेकर समझौता कर लिया था, लेकिन बाद में आरोपी ने शोएब के खिलाफ दुष्कर्म का फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके अलावा पूर्व में प्लॉट खरीदने के लिए दी गई 18.58 लाख की धनराशि भी वापस नहीं की। अब जब शोएब जमानत पर बाहर आया तो शोएब ने अधिवक्ता के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजकर अपने रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपी महिला ने फिर से उसके बेटे के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस के साथ आरोपी उसके घर पहुंची और कहा कि उसके दूसरे बेटे के खिलाफ भी ऐसे ही फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया जाएगा। पीड़िता का आरोप है कि बार-बार कोतवाली और एसएसपी को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़िता ने एसएसपी को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही कार्रवाई न होने की स्थिति में परिवार समेत इच्छा मृत्यु की मांग की है। एसएसपी श्लोक कुमार ने सीओ सिकंदराबाद को मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।