सिकंदराबाद। चोरों ने सीआईएसएफ के जवान के बंद मकान का ताला तोड़कर सात लाख के आभूषण चोरी कर लिए। पड़ोसियों की सूचना पर जवान घर पहुंचा और अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी।
मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि वह सीआईएसएफ में कार्यरत हैं। फिलहाल उनकी तैनाती कश्मीर के बारामूला उरई में है। इन दिनों वह छुट्टी पर आए हुए हैं। रविवार को वह परिवार के साथ जनपद शामली में अपनी बुआ के यहां शादी समारोह में गए थे। मकान पर ताला लगा हुआ था। सोमवार की सुबह पड़ोसियों ने उन्हें मकान के ताले टूटे होने की सूचना दी। जिसपर वह घर पहुंचे। बताया कि घर में रखे करीब सात लाख के सोने, चांदी के आभूषण चोरी हो गए। निरीक्षक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।