बुलंदशहर। जिले के कॉलेजों में परास्नातक की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। सोमवार को कॉलेजों ने दूसरी ओपन मेरिट जारी कर दी। इसके साथ ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन कॉलेजों में 80 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबंध जिले के कॉलेजोंं में परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश के लिए अब दूसरी ओपन मेरिट जारी हुई है। इससे पहले सीसीएसयू की ओर से तीन मेरिट जारी की गई थी। इसके बाद एक ओपन मेरिट जारी की गई। इसके बाद भी सीट रिक्त रहने पर प्रवेश कराने के लिए सीसीएसयू की ओर से एक और मौका दिया गया। इसके तहत छात्र-छात्राओं को 21 सितंबर तक पंजीकरण कराने और अपना ऑफर लेटर डाउनलोड कर कॉलेज में जमा कराने के लिए समय दिया गया।
अब कॉलेजों ने सोमवार को ओपन मेरिट जारी कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी। डीएवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य प्रो. रेनू अग्रवाल ने बताया कि परास्नातक की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए कॉलेज की ओर से सोमवार को दूसरी ओपन मेरिट बनाकर जारी कर दी गई।
आईटीआई में भी प्रवेश के लिए जारी हुई ओपन मेरिट
बुलंदशहर। राजकीय आईटीआई सहकारीनगर के नोडल प्रधानाचार्य राजीव कुमार ने बताया कि रिक्त सीटों प्रवेश के लिए चौथे चरण की प्रक्रिया के तहत सोमवार को ओपन मेरिट जारी कर दी गई। इसी के साथ रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। ओपन मेरिट से आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया 25 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद सभी सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है।