माता मंदिर पर ताला लगाने पर जमकर हंगामा
बुलंदशहर। अंबर सिनेमा रोड पर स्थित माता मंदिर में असामाजिक तत्वों ने ताला लगा दिया। लोगों ने मंदिर के पड़ोस में रहने वाले दूसरे समुदाय के एक परिवार पर ताला लगाने और मंदिर के बराबर में पुरानी जेल की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर ताला तुड़वाया और अवैध निर्माण को ढहाया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर कोतवाली क्षेत्र में स्थित माता मंदिर पर नवमी के दिन रविवार सुबह श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे तो ताला लटका हुआ था। सूचना पर मंदिर समिति, व्यापारी संगठन व हिंदू संगठन के अन्य लोग भी मंदिर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी शशांक सिंह ने मंदिर का ताला तुड़वाकर हंगामा शांत करने की कोशिश की लेकिन, लोग नहीं माने। सीओ सिटी के साथ लोगों की काफी नोकझोंक हुई। लोगों का कहना था कि मंदिर समिति एक प्याऊ लगाना चाहती है। उस स्थान पर अवैध रूप से वर्षों से दूसरे समुदाय के व्यक्ति ने कब्जा किया हुआ है। मंदिर समिति ने जब उस व्यक्ति से प्याऊ लगाने की बात कही तो उसने मना कर दिया। करीब 30-35 वर्षों से मंदिर के निकट पुरानी जेल की जमीन पर अवैध रूप से उसने निर्माण किया हुआ है। आरोप लगाया कि अवैध कब्जा करने वाले ने ही मंदिर पर ताला लगाया है। गुस्साए लोगों ने अफसरों के सामने ही अवैध निर्माण ढहाना शुरू कर दिया। इसके बाद एडीएम प्रशासन डॉ. प्रशांत कुमार, एसपी सिटी सुरेंद्र तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी मेें अवैध निर्माण हटवाया गया।
पुरानी जेल की करोड़ों की जमीन पर था अवैध कब्जा
बताया गया कि अवैध कब्जा करने का आरोपी जेल में बंदी रक्षक था। उसने जमीन पर कब्जा कर पशु पालन करना शुरू कर दिया। यह जमीन अंसारी रोड से अंबर सिनेमा की ओर जाने वाली रोड से सटी हुई है। हंगामे के बाद जेल अधीक्षक और सिटी मजिस्ट्रेट ने जांच की तो सामने आया कि आरोपी पक्ष जेल की जमीन पर कब्जा किया हुआ है।
ठंडी प्याऊ वाली जगह पर भी लगा रहे थे दीवार
मंदिर समिति की ओर से जिस स्थान पर प्याऊ लगाई जानी थी, वहां भी दीवार बनाना शुरू कर दिया था। जिससे लोगों का आक्रोश बढ़ गया। आरोपियों ने पुरानी जेल की जमीन पर भी दीवारें पक्की कराई हुई थीं।
अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मंदिर पर जिसने भी ताला लगाया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके से अवैध निर्माण का ढहा दिया गया है। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी