दिल्ली से कैंची मंगाते हैं मुख्यमंत्री, खुद फीता लेकर खड़े हो जाते हैं : अखिलेश
बुलंदशहर। संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री इतने समझदार हैं कि बड़ी-बड़ी योजना और परियोजनाओं के लिए दिल्ली से कैंची मंगाते हैं और खुद फीता लेकर खड़े हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की योजना बनाई थी। उन्होंने कहा कि मैं अभी हाईवे की राइडिंग क्वालिटी देखकर आ रहा हूं। जो एक्सप्रेसवे हमने बनाए हैं उसमें आप हाथ में चाय का कप लेकर पीते हुए चले जाएंगे, लेकिन जो हाईवे भाजपा ने बनाए हैं उनकी राइडिंग क्वालिटी इतनी खराब है कि आप लंबी दूरी पर जाएंगे तो कमर में दर्द हो जाएगा। वो दिन रात सपा मॉडल को ही देखते हैं। गुजरात मॉडल एक धोखा है। जब जेवर के एयरपोर्ट का विज्ञापन बनाया गया तो चीन का एयरपोर्ट दिखाया गया। फ्लाईओवर दिखाया तो बंगाल का फ्लाईओवर दिखाया। कारखाना दिखाना पड़ा तो औरैया से ले आए। इनसे ज्यादा झूठ कोई बोल नहीं सकता।
अब अमृत बजट है तो पहले क्या जहर वाले बजट थे
अखिलेश ने बजट पर चुटकी लेते हुए कहा कि बजट ऐसा आया है कि गरीब को महसूस ही नहीं हो रहा है। सरकार कह रही है कि अमृत बजट आया है। अगर ये अमृत है तो इससे पहले क्या जहर वाले बजट थे। सुना है कि डायमंड सस्ता हो जाएगा, तो देखो गरीबों का कितना ख्याल रखा है इन्होंने। अपनी गलत नीतियों के कारण बड़े कारखाने उद्योग बेचकर चौपट कर दिया।
वादे होंगे पूरे, पुरानी पेंशन होगी बहाल
अखिलेश बोले कि सरकार दावा करती है कि मुख्यमंत्री ने लैपटॉप और स्मार्टफोन भिजवाए हैं। न जाने कैसे योगी जी स्मार्टफोन देंगे, जब बाबा खुद ही स्मार्ट फोन नहीं चला पाते, अन्य लोगों से मेसेज लिखवाते हैं और पढ़वाते हैं। गठबंधन की सरकार बनने पर जो आज वादा किया है उसे पूरा करेंगे। घरेलू बिजली की 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। किसानों की फसल की सिंचाई मुफ्त होगी, पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी।
भाजपा सरकार ने रोका अस्पताल का निर्माण
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार ने कारगिल के योद्धा को सम्मानित किया और उनके गांव में अस्पताल दिया। अगर भाजपा फौजियों का सम्मान करती है तो योगेंद्र यादव के गांव के अस्पताल का निर्माण क्यों रोक दिया, जो सरकार भेदभाव की नजर से देखे वह देशभक्त सरकार कैसे हो सकती है।
सपा ने रखी जेवर एयरपोर्ट की नींव
जेवर एयरपोर्ट की योजना पुरानी है, सपा सरकार ने जेवर, सैफई और फिरोजाबाद में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए एनओसी मांगी थी, समाजवादी सरकार की एनओसी पर ही जेवर एयरपोर्ट बनाया जा रहा है।