सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकराई मैक्स, तीन की मौत
खुर्जा। देहात थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 91 पर रविवार देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंकर और मैक्स वाहन की टक्कर हो गई। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई। आठ लोग घायल हो गए, इनमें चार गंभीर घायलों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है।
खुर्जा में स्थित अलग-अलग पॉटरी फैक्टरी में कार्य करने के बाद मजदूर महिलाएं और पुरुष रविवार रात पिकअप मैक्स से घर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे हाईवे 91 पर मामन फ्लाईओवर के निकट मैक्स सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर में टकरा गई। टक्कर जोरदार होने के कारण मैक्स पलट गई। कुछ मजदूर वाहन के नीचे दब गए तो कुछ डिवाइडर और सड़क पर जा गिरे। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों ने राधानगर कॉलोनी निवासी रामवती (50), विमलेश (45) निवासी रमपुरा और रमा (55) निवासी राधानगर हाइडिल कॉलोनी को मृत घोषित कर दिया। देहात कोतवाली क्षेत्र के रमपुरा गांव निवासी महिला जगवती (50), रामा (55), कुसुम (42) और राधानगर निवासी सुनीता (38) की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया। मोहल्ला साठ निवासी महिला रजनी (44), सादिक (18) निवासी गांव इमलिया थाना औरंगाबाद, महिला कंछीदिया (50) निवासी गांव रमपुरा और मैक्स चालक सतीश (40) निवासी गांव सराय छबीला कोतवाली देहात का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
डीएम व एसएसपी ने घायलों का जाना हाल
घटना के बाद जिलाधिकारी सीपी सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, एडीएम प्रशासन डॉ. प्रशांत कुमार, एसडीएम लवी त्रिपाठी और सीओ खुर्जा जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। चिकित्सकों से बातचीत कर घायलों के इलाज के उचित इंतजाम के निर्देश दिए।
माल वाहक वाहन में बैठे थे मजदूर
मैक्स पिकअप माल वाहक वाहन है। इसमें पीछे की ओर से माल रखने की जगह पर मजदूर खड़े हुए थे। वाहन अनियंत्रित होने के कारण सभी लोग झटके से बाहर गिरे थे, जिस कारण गंभीर चोट आई हैं।
अस्पताल में मची चीख पुकार
हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल जिला अस्पताल से कई एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजा गया। हादसे की सूचना के बाद मजदूरों के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। देर रात तक अस्पताल में चीख पुकार मची रही। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
हादसे के बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया है। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। चार घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - श्लोक कुमार, एसएसपी