सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर जवान ने ठगे 38 लाख रुपये
चोला। सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर सेना में तैनात एक जवान ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चार युवकों से 38 लाख रुपये की ठगी कर ली। भर्ती के बारे में पता करने पर आरोपियों ने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर थमा दिए। पीड़ित युवकों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
चोला थाना क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी जितेंद्र और बंटी, गांव वैर निवासी सोनू, बुर्ज निवासी जीतू ने रविवार को बताया कि वह सेना में जाने की तैयारी कर रहे थे। कुछ समय पूर्व पास ही के गांव निवासी युवक से मुलाकात हुई। वह सेना में है। उसने अपने संबंध उच्च स्तर पर होने की बात कहते हुए उन्हें में सेना में भर्ती कराने का भरोसा दिया। चारों युवक उसके प्रभाव में आ गए। आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चारों युवकों से 38 लाख रुपये में भर्ती करवाने की बात तय की। पीड़ितों ने आरोपी के बताए विभिन्न खातों में 38 लाख रुपये स्थानांतरित करा दिए।
दिए गए समय में भर्ती नहीं हुई तो उन्होंने उससे बात की। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें ज्वाइनिंग लेटर थमा दिए। जिनकी जांच कराने पर पता चला कि लेटर फर्जी हैं। उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी बहाने बनाकर उन्हें टरकाते रहे। अब तगादा करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। जान से मारने की भी धमकी दी है। पीड़ित युवकों की शिकायत पर थाना पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
किस-किस खाते में गई रकम, होगी जांच
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित युवकों ने किन-किन खातों में रकम ट्रांसफर की है और वे खाते किसके हैं, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने पर ही पूरे प्रकरण का राजफाश किया जा सकेगा।
मामले में तहरीर मिल गई है। थाना पुलिस को मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी