गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों को जाममुक्त बनाने के लिए जीडीए का अतिक्रमण अभियान निष्प्रभावी साबित हो रहा है। औरा कायमेरा सोसायटी सामने तीन दिन पहले लोगों की शिकायत के बाद अतिक्रमण हटाया गया था। सोमवार को फिर से अतिक्रमण होने लगा। इसकी शिकायत सोसायटी निवासी अंकुर त्यागी ने स्थानीय थाने में दी है। शिकायती पत्र पुलिस कमिश्नर को भी भेजा है।
सोसायटी निवासी राहुल त्यागी और अंकुर त्यागी का कहना है कि सोसायटी के बाहर गेट के आसपास फुटपाथ पर रेहड़ी-पटरी दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। इसके साथ ही सोसायटी के मार्केट में भी अवैध निर्माण किया जा रहा है। कई बार शिकायत के बाद जीडीए की टीम ने अवैध निर्माण रुकवा दिया था और अतिक्रमण हटवाया था। दोनों का आरोप है कि कुछ लोगों की मिलीभगत से सोमवार को दोबारा अतिक्रमण किया जाने लगा। विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता भी की गई। पुलिस कमिश्नर को शिकायती पत्र भेजा है।