चचोई स्थित कोटे की दुकान पर बांटे गए गेहूं को दिखाती महिला।
- फोटो : BULANDSHAHR
कोटे की दुकान पर बांटा खराब गेहूं, बैठी जांच
बुलंदशहर। कोटे की एक दुकान पर सड़ा-गला राशन दिए जाने का मामला सामने आया है। इसकी सूचना मिलते ही डीएसओ ने जांच बैठा दी है। यह मामला सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव चचोई स्थित राशन की दुकान का है।
राशन कार्ड धारकों को सस्ता राशन देने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत योजना के पात्र राशन कार्ड धारक परिवार के प्रत्येक सदस्य को पांच किलो राशन देने का प्रावधान है। इसमें शामिल तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल है। गेहूं दो रुपये और चावल तीन रुपये प्रति किलो की दर से दिया जाता है। योजना के तहत जिले में 5.95 लाख परिवार शामिल हैं। अब केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत पात्र राशन कार्ड धारकों को निशुल्क राशन का वितरण किया जा रहा है। इस राशन का वितरण महीने में दो बार हो रहा है। इस समय भी जिले की 1352 राशन की दुकानों से निशुल्क राशन का वितरण किया जा रहा है। वहीं, सोमवार को सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव चचोई स्थित कोटे की दुकान पर सड़ा-गला गेहूं बांटने का मामला सामने आया है। इससे राशन कार्ड धारकों में रोष है और उन्होंने इसकी शिकायत डीएम आदि से करने की चेतावनी दी है। इसका पता लगते ही डीएसओ ने जांच के लिए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को निर्देश देते हुए जांच बैठा दी है।
गांव चचोई स्थित कोटे की दुकान पर खराब गेहूं बांटने की जानकारी मिल गई है। इस मामले में जांच बैठा दी है। साथ ही क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को गांव में पहुंचकर जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। जांच रिपोर्ट मिलने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- अभय प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी