भिक्षा मांगने के बहाने सीता का हरण कर ले गया रावण
बुलंदशहर। श्रीराम लीला सभा की ओर से नगर के नुमाइश मैदान में भरत मिलाप, सीता हरण और मेघनाद, कुंभकरण व अहिरावण वध तक की लीला का मंचन हुआ। वहीं, पालिका चेयरमैन के आवास पर राम प्रसंग के दौरान सीता हरण, लंका दहन और मेघनाद वध की लीला का मंचन हुआ।
नुमाइश मैदान में मंचन के दौरान कलाकारों ने राम के वनवास होने के बाद भरत मिलाप की लीला हुई। भरत श्रीराम से अयोध्या चलने के लिए कहते हैं किंतु राम मना कर देते हैं और फिर भरत राम की चरण पादुका को लेकर अयोध्या वापस आ जाते हैं। वहीं, लंकापति रावण साधु का वेश धारण कर मां सीता का हरण कर लेता है। भगवान श्रीराम व लक्ष्मण वन में माता सीता को ढूंढते हुए हनुमान जी से मिल सीता के लंका में होने का पता लगाते हैं। इसके बाद लंका जलाने, राम विभीषण मिलन, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण, मेघनाद व अहिरावण वध की लीला का मंचन हुआ। वहीं, रावण श्रीराम को युद्ध के ललकारता है और फिर युद्ध शुरू हो जाता है। इस दौरान सभा के अध्यक्ष नीरज जिंदल, सीए अवकाश शर्मा, नंदकिशोर शर्मा, विक्रांत सिरोही, मनमोहन गुप्ता, प्रफुलचंद्र, नवनीत जिंदल और दुष्यंत सिरोही आदि मौजूद रहे। उधर, पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग के आवास पर सूर्पणखा रावण के दरबार में पहुंच आप बीती सुनाती है। इसके बाद रावण अपनी बहन के अपमान का बदला लेने के लिए सीता हरण का षड्यंत्र रचता है और साधु के वेश में सीता का हरण कर लेता है। सीता की खोज में दर-दर भटकने के दौरान श्रीराम हनुमान, राजा सुग्रीव आदि से मिलते हैं। इसके बाद हनुमान जी माता सीता की खोज के दौरान लंका पहुंच आग लगा देते हैं। इस दौरान पालिका चेयरमैन मनोज गर्ग, सुशील कंसल, अमित मित्तल, अरविंद गर्ग, सुखदेव शर्मा, कमल मकवाना, अरुण सोनी और हेमंत लोधी आदि मौजूद रहे।
डिबाई में 70 फुट की चिमनी से संजीवनी बूटी लेकर आए हनुमान
डिबाई। रामलीला में बुधवार को मेघनाद युद्ध में शक्ति लगने से लक्ष्मण मूर्छित हो गए। विभीषण के बताने पर हनुमान जी लंका से सुषेन वैद्य को उपचार को ले आए। हनुमान जी को वायु मार्ग से प्राण बचाने को संजीवन बूटी को पर्वत से सूर्य उदय से पूर्व लाना था। इस लीला का मंचन रामलीला मैदान में स्थित 70 फुट ऊंची चिमनी पर रस्सा बांधा गया। हनुमान का रोल अदा किया गांव निवासी योगेंद्र कुमार ने। वह चिमनी पर अंदर सरिया लगी सीढ़ी पर चढे़। उसके बाद चिमनी से मंच तक बांधी गई मोटी रस्सी पर पेट के बल लेटकर उतरे। वृंदावन के कलाकारों ने मंचन किया गया। इस दौरान कमेटी के महामंत्री हरिओम दुबे, रमेश पहलवान ने अतिथि विधायक डॉ. अनीता राजपूत, एसडीएम मोनिका सिंह, सीओ वंदना शर्मा सहित नगर की अधिकांश कमेटियों के अध्यक्ष सहित लोग मौजूद रहे। क्षेत्र गांव खरिकवारी, कर्णवास, दानपुर में राम लीलाओं का प्रतिदिन मंचन किया जा रहा है।