शिकारपुर में ढोलक बजाकर अक्षत व पत्रक बांटते राम भक्त। संवाद
बुलंदशहर/शिकारपुर/ऊंचागांव। श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के आमंत्रण पत्रक और अक्षत वितरण का सिलसिला जारी है। नगर से लेकर देहात तक रामभक्तों में इस दौरान खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रामभक्त ढोलक की थाप पर गाते-बजाते गांव-गांव घूमकर लोगों को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं। साथ ही 22 जनवरी को दिवाली मनाने की अपील भी की जा रही है।
बुधवार को शिकारपुर नगर के मोहल्ला मौथरपुरा व कानून गोयन में अक्षत व पत्रक बांटे गए। विद्या भारती की कार्यकारिणी सदस्य गंगाराम ने कहा कि 22 जनवरी को हमें हर घर में दिवाली मनानी है और मंदिरों में कीर्तनों का आयोजन करना है। इस मौके पर नीरज कंसल, वीरेंद्र कुमार गर्ग, रंजीत सैनी, मोहनलाल सैनी, गौतम कुमार सूर्यवंशी, लोकेश ठाकुर, मनीष जैन, ललित गर्ग, राजीव शर्मा, मोहित सिंघल, योगेश आदि उपस्थित रहे।
ऊंचागांव क्षेत्र के गांव फरीदा बांगर में अयोध्या से आए पूजित अक्षत व आमंत्रण पत्र का राष्ट्रीय श्रीराम भक्तों की टोली ने घर-घर जाकर वितरण किया गया।श्रीराम भक्तों ने बताया कि अयोध्या धाम में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के प्राण -प्रतिष्ठा महोत्सव को ऐतिहासिक एवं अद्भुत बनाने के उद्देश्य से अयोध्या धाम से पुजित अक्षत, आमंत्रण पत्रक एवं भगवान श्रीराम की तस्वीर प्रदान की जा रही है। 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा के दिन घर-घर में उत्सव के साथ आसपास के मंदिरों में भजन कीर्तन, दीपोत्सव एवं प्रत्येक घरों में श्रीराम दीप प्रज्ज्वलित कर अपने श्रीराम की पूजा आराधना कर प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर श्रीराम भक्तों टोली चंद्र प्रकाश प्रधान, शिक्षक नरेंद्र सिंह और मुकेश आदि ग्रामवासी शामिल रहे।