चिकित्सक के पक्ष में उतरा आईएमए, आज हड़ताल पर
बुलंदशहर। 11 दिन की बच्ची की मौत के मामले में परिजनों द्वारा चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर सोमवार को आईएमए ने विरोध जताया। साथ ही एसएसपी कार्यालय और सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। वहीं, चिकित्सक के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर निरस्त कराने की मांग की। एफआईआर वापस न लेने पर मंगलवार को निजी अस्पताल में ओपीडी और इमरजेंसी सेवा बंद रहेगी।
नगर के शिवा आवासीय कॉलोनी निवासी अधिवक्ता योगेश चौधरी ने ऊर्जा चिल्ड्रेन हॉस्पिटल के संचालक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा तहरीर दी थी। मामले में चिकित्सक के खिलाफ पुलिस ने बिना जांच पड़ताल के एफआईआर दर्ज कर दी। इसके विरोध में सोमवार को निजी अस्पताल संचालकों ने ओपीडी सेवा बंद कर रोष जताया और आईएमए के बैनर तले एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। आईएमए की सचिव डॉ. रीना शर्मा ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ के खिलाफ पुलिस ने बिना जांच पड़ताल के दर्ज की। जबकि किसी भी चिकित्सक पर कार्रवाई या एफआईआर मेडिकल बोर्ड के द्वारा जांच के बाद दोषी पाए जाने पर लगाई जाती है और धारा 304 लगाना सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ है। इसका हम सभी विरोध करते हैं।
जब तक एफआईआर वापस नहीं होगी, जिले के सभी निजी अस्पताल में उपचार बंद रहेगा। इस दौरान मरीजों को होने वाली परेशानियों की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उधर, सोमवार को कई मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अगर हड़ताल जारी रही तो मरीजों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। एसएसपी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।