पीएम नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री को उपहार में दी खुर्जा की क्रॉकरी
खुर्जा। क्षेत्र की पॉटरी में प्लेटिनम कारीगरी से तैयार हुई क्रॉकरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को उपहार में दी। मिन्हास फैक्टरी में पांच अनुभवी कारीगरों ने बेशकीमती टीसेट तैयार किया था। इस पर प्लेटिनम से कारीगरी की गई थी। मुख्यमंत्री समेत अन्य लोगों ने ट्वीट कर क्रॉकरी की प्रशंसा की है। इससे खुर्जा के उद्यमियों और स्थानीय लोगों में खुशी है।
खुर्जा क्षेत्र की पॉटरियों में बनाई जानी वाली क्रॉकरी पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। सोमवार रात को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूके के प्रधानमंत्री बॉरिस जॉनसन ने खुर्जा की मिन्हास पॉटरी में तैयार किया गया टीसेट गिफ्ट किया तो पॉटरी उद्यमियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बेशकीमती टीसेट बनाने वाली पॉटरी के निदेशक गुलजीत मिन्हास ने बताया कि तीन जून को लखनऊ में उद्योगों के लिए आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में उनके साथ ही दादू पॉटरी के निदेशक गए थे। कार्यक्रम के बाद डीएम सीपी सिंह और जिला उद्योग उपायुक्त योगेश कुमार के माध्यम से प्रदेश सरकार की ओर से क्रॉकरी का आकर्षक उत्पाद बनाने के लिए कहा गया। इसके बाद गुलजीत मिन्हास ने अपनी फैक्टरी में पांच अनुभवी कारीगरों के साथ मिलकर आकर्षक और बेशकीमती टीसेट बनाना शुरू कराया। इसमें छह कप-प्लेट, एक दूध दान, एक पत्ती दान, एक चीनी कटोरी, छह छोटी प्लेट और दो बड़ी प्लेट समेत कुल 23 बर्तन थे। इस सेट को तैयार करने में करीब 10 दिन का समय लगा था। इसमें विशेष रूप से मेहंदी की कीप से डिजाइन बनाए गए और प्लेटिनम धातु लगाया गई। 18 जून को क्रॉकरी तैयार करके जिला उद्योग उपायुक्त योगेश कुमार के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजी गई थी।
महारानी एलिजाबेथ को भी दी गई थी क्रॉकरी
उद्यमी गुलजीत मिन्हास ने बताया कि ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के शासन को 75 वर्ष पूरे हो गए हैं। ऐसे में ब्रिटेन में इस अवसर पर एलिजाबेथ के महारानी बनने पर प्लेटिनम जुबली कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी अवसर के लिए प्रधानमंत्री की ओर से प्रदेश सरकार को विशेष क्रॉकरी बनवाने के निर्देश दिए गए। इसी के चलते उद्यमी गुलजीत मिन्हास की ओर से क्रोकरी में प्लेटिनम धातु लगाई गई।
केवल दो ही बनाए गए टीसेट
गुलजीत मिन्हास ने बताया कि इस तरह के केवल दो टी-सेट बनाए गए हैं। एक प्रधानमंत्री जी को भेजा गया है और एक कार्यालय पर रखा गया है। इसके बाद वह ऐसे उत्पाद नहीं बनाएंगे। उनको काफी गर्व महसूस हो रहा है कि प्रधानमंत्री के पास उनकी फैक्ट्री की क्रॉकरी गई। इससे खुर्जा समेत बुलंदशहर जिले का भी नाम रोशन होगा।
जिले में तैयार किए गए उत्पादों को प्रधानमंत्री द्वारा यूके के प्रधानमंत्री को भेंट देने से उद्यमियों का हौसला बढ़ा है। पॉटरी कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। - चंद्रप्रकाश सिंह, डीएम