बदमाशों ने दादरी से आ रही दादरी थाने में तैनात दरोगा की एक दूसरी सफेद रंग की स्विफ्ट कार को गन प्वाइंट पर रोक लिया। बदमाश चालक से कार लूटकर मौके से फरार हो गए। लूट की सूचना पुलिस को मिलने पर दादरी पहुंचने वाले सभी रास्ते पुलिस ने सील कर दिए। बदमाश बिसाहड़ा फाटक से होते हुए बढ़पुरा गौशाला के पास पुलिस की नाकेबंदी देख यहीं कार को मौके पर छोड़ कर पैदल भागे। पीछा करते हुए पुलिस ने दूसरे बदमाश को पकड़ लिया। जबकि तीन बदमाश फरार हो गए, पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
सूत्रों के अनुसार कार से लूटा हुआ कैश भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। हालांकि, पुलिस अभी नकदी बरामद करने की बात से इनकार कर रही है। पुलिस ने दोनों बदमाशों से एक-एक पिस्टल बरामद की है।
राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर की है कंपनी
पारस कंपनी सपा राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर की है। जिसका मुख्य कार्यालय बुलंदशहर गुलावठी में है। मसूरी में जाम लगने के कारण से नकदी लेकर धौलाना से दादरी की ओर जा रहे थे। कंपनी के चालक नरेंद्र ने बताया कि मसूरी में सड़क निर्माण के चलते रोड पर जाम लगा रहता है। जिससे वह गुलावठी से धौलाना होते हुए वाया एनटीपीसी दादरी से गाजियाबाद लालकुंआ पहुंचते।
पूछताछ में बार-बार बयान बदल रहा है बदमाश
पारस कंपनी के मैनेजर से 65 लाख की लूट कर भाग रहे बदमाश को दादरी में गश्त कर रहे दो सिपाहियों ने धर दबोचा था। पकड़े गए बदमाश से एक रिवाल्वर और कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में बदमाश बार-बार बयान बदलता रहा।
पुलिस ने बताया कि ट्रक से टक्कर होने के बाद एक बदमाश दादरी के जारचा रोड पर पैदल भाग रहा था। बदमाश की शर्ट पर खून लगा था। शर्ट खून से सनी होने पर गश्त कर रहे दो सिपाहियों ने बदमाश के पीछे पैदल ही भागना शुरू कर दिया। पहले तो बदमाश कोतवाली के सामने ही टाटा मैजिक में बैठ गया।
उसके बाद पुलिस को देख टाटा मैजिक से उतरकर पुराने बस अडडे की तरफ भाग कर दीवार कूद कर जनता इंटर कॉलेज में भागा, लेकिन दोनों पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। पुलिसकर्मियों ने स्कूल की चारदीवारी में बदमाश को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में 65 लाख की लूट करने का जुर्म कबूल किया। साथ ही अपने साथियों के बारे में भी जानकारी पुलिस को दी।