बुलंदशहर। जनपद की सातों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। सभी तहसीलों में 206 फरियादियों ने शिकायती पत्र दिए, इनमें से 20 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के लिए सौंपा गया। डीएम श्रुति की अध्यक्षता में तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में 29 फरियादियों ने अपनी समस्याओं के प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। मौके पर 03 शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभाग को प्रेषित किया गया। इस मौके पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ सुनील दोहरे, एसडीएम सदर दिनेश चन्द्र, एएसपी रिजुल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुधांशु सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
सिकंदराबाद तहसील सभागार में एसडीएम दीपक कुमार पाल की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 9 शिकायतें मिलीं। मौके पर दो समस्याओ का ही समाधान हो सका। समाधान दिवस में सीओ भास्कर मिश्रा समेत तहसील स्तरीय सभी अफसर मौजूद रहे। खुर्जा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 30 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मात्र एक शिकायत का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
इस दौरान राजस्व विभाग की सबसे अधिक आठ शिकायतें, पुलिस की चार, विकास विभाग की 6, नगर पालिका की 7, पूर्ति विभाग की चार और विद्युत विभाग की एक शिकायत मिली। इस दौरान तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। स्याना में कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें मौके पर मात्र तीन शिकायतों का निस्तारण किया गया।
एडीएम प्रशासन प्रमोद पांडेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। एसडीएम रविन्द्र प्रताप सिंह ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनी। तहसीलदार अजय कुमार, बीडीओ मोकम सिंह, कोतवाली प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा, सीएचसी प्रभारी डॉ अमित कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। तहसील डिबाई सभागार में एसडीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 28 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज की गई। मौके पर एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। इस दौरान एसडीएम मनीष कुमार, तहसीलदार सरिता, सीओ प्रखर पांडे सहित तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अनूपशहर तहसील में एसडीएम प्रियंका गोयल की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मौके पर विभिन्न विभागों से संबंधित 8 शिकायती पत्र प्रस्तुत किए गए। जिसमें मौके पर मात्र 1 समस्या का निस्तारण किया गया।
इस मौके पर तहसीलदार संजय कुमार, पालिका ईओ गार्गी त्यागी, खंड शिक्षा अधिकारी दीपक कुमार, एसडीओ शैलेंद्र सारस्वत, बीडीओ मनीष मिश्रा सहित तहसील स्तर के अधिकारी मौजूद रहे। शिकारपुर तहसील एडीएम फाइनेंस अभिषेक कुमार और एसडीएम अरुण कुमार वर्मा ने शिकायतें सुनीं। मौके पर आईं 80 शिकायतों में से दस शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष बची 70 शिकायतें संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के लिए सौंपी गईं।