अब ग्राम सचिव की रैंक तय करेगा काम, तैयार हो रही रिपोर्ट
बुलंदशहर। जिले की ग्राम पंचायतों में तैनात सचिवों को अब उनके कार्यों के आधार पर पंचायत राज विभाग रैंक देगा। डीपीआरओ ने सभी सचिवों के कार्यों की रिपोर्ट तैयार कर डाटा एकत्र करने के निर्देश दिए हैं। जिले की 946 ग्राम पंचायतों में करीब 188 ग्राम सचिव तैनात हैं। इनके पास कई-कई गांवों का कार्यभार है। शासन में भी सचिवों की रैंक की रिपोर्ट भेजी जाएगी।
ग्राम पंचायतों में तैनात सचिवों की निगरानी में विकास कार्य होते हैं। ग्राम प्रधानों के प्रस्ताव मिलने के बाद यह काम होते हैं। जिले की बात करें तो यहां 16 ब्लॉक में 946 ग्राम पंचायत हैं और इनमें तैनात सचिवों को अब पंचायत राज विभाग रैंक देगा। बताया गया कि ग्राम पंचायतवार सचिवों के कार्यों को देखा जाएगा और फिर इसके आधार पर उन्हें रैंक दी जाएगी। सचिवों ने गांव में कैसा कार्य कराया है और केंद्र व राज्य वित्त आयोग की राशि को कहां-कहां खर्च किया, इसके अलावा उन पर गबन के आरोप हैं या नहीं इसे भी देखा जाएगा। कितनी ग्राम पंचायतों में सचिवों का अनुभव रहा है, इसके आधार पर सचिवों का पूरा डाटा तैयार किया जा रहा है। इसके बाद विभाग द्वारा सचिवों को रैंक दी जाएगी। इसमें ग्राम पंचायतें भी शामिल होंगी। अगस्त माह तक विभाग सचिवों की पूरी रैंक तैयार कर लेगा और फिर इसके बाद इसे ग्राम पंचायतवार जारी किया जाएगा। विभाग में सचिवों के डाटा को तैयार करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
बेहतर कार्य करने वाले सचिव होंगे सम्मानित
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गांव में कराए गए विकास कार्यों में बेहतर कार्य करने वाले ग्राम सचिवों को विभाग द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। सबसे ज्यादा फोकस इसमें गांवों के विकास कार्य और स्वच्छ भारत मिशन पर रहेगा। साथ ही उन ग्राम सचिवों पर सख्ती बरती जाएगी, जिन्होंने काम में लापरवाही बरती है।
ग्राम सचिवों की रैंक ग्राम पंचायतवार तैयार की जाएगी। इसके लिए सचिवों के कार्यों का पूरा डाटा तैयार किया जा रहा है। शासन में भी इस रिपोर्ट को भेजा जाएगा। जिस सचिव का कार्य बेहतर नहीं होगा उसके खिलाफ कार्यवाही होगी। जल्द ही सचिवों की रैंक जारी कर दी जाएगी। - प्रीतम सिंह, जिला पंचायती राज अधिकारी।