संगीनों के साये में अदा हुई जुमे की नमाज
बुलंदशहर। भाजपा नेत्री द्वारा पैगंबर पर आपत्तिजनक टिप्पणी और धार्मिक संगठनों द्वारा विरोध की घोषणा के बाद जिले में जुमे की नमाज संगीनों के साये में शांतिपूर्वक अदा की गई। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सड़कों पर उतरकर धर्म गुरुओं से बातचीत के साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद भाजपा नेत्री द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन की घोषणा धार्मिक संगठनों ने की थी। जिसके बाद सरकार ने पुलिस और प्रशासन दोनों को ही अलर्ट पर था। जुमे की नमाज से पहले बृहस्पतिवार रात को भी डीएम-एसएसपी ने नगर के ऊपरकोट, इस्लामाबाद समेत अन्य क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से शांति व्यवस्था की अपील की। साथ ही धर्म गुरुओं से बातचीत करते हुए सौहार्द कायम करने में सहयोग मांगा। शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज अदा होने से पहले ही डीएम चंद्रप्रकाश सिंह, एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। शुक्रवार को मस्जिद में शहर काजी जैनुअल आबिदीन ने जुमे की नमाज अदा कराई और लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। कहा कि किसी भी धर्म के खिलाफ टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सरकार कार्रवाई कर रही है, ऐसे में शांति व्यवस्था बनाना जरूरी है। डीएम ने सभी तहसील क्षेत्रों में एसडीएम को सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने की जिम्मेदारी दी तो वहीं नगर में सिटी मजिस्ट्रेट जबकि कस्बों में तहसीलदार की ड्यूटी लगाते हुए असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के आदेश दिए। इसके अलावा सड़कों पर वाहनों की चेकिंग करने के आदेश पुलिस को दिए। खानपुर क्षेत्र में स्याना एसडीएम संदीप केला के नेतृत्व में मुख्य बाजार, नेकजन वार्ड, थाना वार्ड, बस स्टैंड सहित पूरे नगर में पैदल मार्च निकाला। थाना प्रभारी ने मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया। बाजार सहित सभी धार्मिक स्थलों के पास ड्रोन कैमरों से नजर रखी गयी। क्षेत्र के संवेदनशील गांव अमरपुर, गिरौरा, परवाना, प्याना कला में सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा सिंकदाराबाद, खुर्जा, जहांगीराबाद, डिबाई, बुगरासी, शिकारपुर, नरौरा, अनूपशहर, चोला, ककोड़ समेत अन्य सभी क्षेत्रों में दिन भर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गश्त करते रहे।
मस्जिदों पर पुलिस बल रहा तैनात
गुलावठी। पुलिस की सख्ती के कारण जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जामा मस्जिद में शाही इमाम मौलाना फरीदुद्दीन ने नमाज अता कराई। नमाज के दौरान नगर की जामा मस्जिद, मकबरे वाली मस्जिद, एक मीनार वाली मस्जिद सहित अनेक मस्जिदों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मुस्लिम बस्तियों में कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा के निर्देशन में पुलिसकर्मियों ने गश्त की। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात किया गया तथा गश्त की गई। इससे पूर्व बृहस्पतिवार की देर शाम एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी एवं कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने पुलिस बल के साथ नगर में रूट मार्च किया।