खुर्जा। जंक्शन क्षेत्र से लापता सुरक्षाकर्मी के मामले में तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा। ऐसे में गुस्साए ग्रामीण व परिजनों ने जंक्शन चौकी पर हंगामा किया। महिलाएं चौकी में अंदर घुस गईं और कोतवाल व उपनिरीक्षक से अभद्रता की।
जनपद अलीगढ़ के थाना पिसावा में स्थित गांव डेटा कला निवासी पिंटू पुत्र रामवीर सिंह खुर्जा में पंचवटी काॅलोनी में सुरक्षाकर्मी कार्य करता था। परिजनों के अनुसार बुधवार शाम को सात बजे वह घर से बाइक लेकर ड्यूटी करने के लिए निकला था लेकिन जानकारी मिली कि ड्यूटी पर पहुंचा नहीं। ऐसे में पीड़ित परिजनों ने खुर्जा जंक्शन पर गुमशुदगी की शिकायत दी। बृहस्पतिवार रात को सुरक्षाकर्मी की बाइक, कपड़े, बैग मिला था। ऐसे में परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई और पुलिस से तलाश की मांग की।
शुक्रवार सुबह परिजन व सैकड़ों ग्रामीण जंक्शन चौकी पर धरने पर बैठ गए। दो दिन की तलाश में कोई सुराग हाथ नहीं लगा। ऐसे में शनिवार दोपहर को ग्रामीणों का गुस्सा फुट गया। ग्रामीणों ने पुलिस के विरोध में जंक्शन चौकी पर हंगामा शुरू कर दिया। सीओ वरुण कुमार और कोतवाली निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। ऐसे में हंगामा करते हुए पुलिस चौकी इमारत में अंदर आ गई। महिलाओं ने कोतवाल सुनील सिंह और बीच-बचाव करने आए उपनिरीक्षक से अभद्रता करना शुरू कर दिया। मौजूद भाकियू नेेता के हस्तक्षेप के बाद महिलाएं शांत हुईं।
सुरक्षाकर्मी की तलाश की जा रही है। कुछ महिलाएं कार्रवाई की मांग को लेकर चौकी में आ गई थीं, जिनको समझाकर वापस भेज दिया गया है। धरना अब समाप्त हो गया है। दो टीम मामले में जांच कर रही हैं। - वरुण कुमार, सीओ खुर्जा
धरना समाप्त, 20 तारीख तक मिला आश्वासन
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह ने बताया कि सुरक्षाकर्मी पिंटू की बरामदगी को लेकर पुलिस ने 20 सितंबर तक का आश्वासन दिया है। ऐसे में ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया जाएगा। परिजन व ग्रामीण चौकी पर मामले की जानकारी लेने आ सकते हैं।