बुलंदशहर। खाद्य विभाग के गोदाम की डुप्लीकेट चाबी बनाकर लाखों रुपये के बोरे बेचने का मामला सामने आया है। विभाग की पूर्व विपणन निरीक्षक ने एक युवक के खिलाफ एसएसपी को शिकायत दी है। आरोप है कि आरोपी ने फर्जी रसीद बनाकर उन्हें दी है।
जहांगीराबाद गोदाम से सेवानिवृत्त विपणन निरीक्षक आशा रानी ने एसएसपी को शिकायत देकर बताया कि वह सात मई से 15 जून तक चिकित्सीय अवकाश पर थीं। आरोप है कि उनके कार्यालय में आने-जाने वाले एक युवक ने उनकी अनुपस्थिति में गोदाम की डुप्लीकेट चाबी बनवाई और 10,673 जूट और 7,992 प्लास्टिक के कट्टे अवैध रूप से बेच दिए। छुट्टी से वापस आने के बाद उन्होंने पूछताछ की तो आरोपी ने कहा कि उसने बोरे एमआई सुधीर कुमार के सुपुर्द कर दिए हैं।
जब आरोपी से बोरे ले जाने के माध्यम का पता किया तो उसने एक ट्रक का नंबर बताते हुए कहा कि उक्त ट्रक से बोरे सप्लाई किए गए। जब ट्रक मालिक से पूछा तो उसने बताया कि जिस दिन बोरे की सप्लाई को दर्शाया गया है, उस दिन ट्रक माल लेकर बिहार गया हुआ था। इसके बाद आरोपी ने एमआई सुधीर के फर्जी हस्ताक्षर करते हुए एक रसीद भी दिखाई। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और बोरे बेचने की जांच कराने की मांग की है। एसएसपी ने सीओ को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।