परिषदीय स्कूलों के चार हजार बच्चों की जोखिम में जान
सिकंदराबाद। प्रशासन और विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण विकास खंड क्षेत्र के 20 परिषदीय विद्यालयों के करीब चार हजार बच्चे हर रोज अपनी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई कर रहे हैं। संपूर्ण समाधान दिवस से लेकर अफसरों के दरबार में शिकायतों के अंबार लग जाने के बाद भी किसी ने नौनिहालों के जीवन की परवाह नहीं की। अब भी स्कूलों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को शिफ्ट नहीं किया गया।
विकास खंड क्षेत्र के 20 परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों ने बताया कि उनके विद्यालयों के परिसर के ऊपर से होकर विद्युत लाइन गुजर रही है। जोकि काफी जर्जर हालत में है। सभी विद्यालयों में करीब चार हजार बच्चे अध्ययनरत हैं। जर्जर होने के कारण कई बार विद्युत लाइन टूटकर गिर भी चुकी है। गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लाइन को शिफ्ट कराने की मांग को लेकर सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, खंड शिक्षा अधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस से लेकर संबंधित सभी अफसरों के दरबार में प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। बताया कि विद्युत विभाग और अफसरों की लापरवाही के चलते हर रोज जान जोखिम में डालकर चार हजार बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के लिए मजबूर है।
खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि लाइन को विद्यालय भवनों से हटवाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
इन स्कूलों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन
1. प्राथमिक विद्यालय लालपुर
2. प्राथमिक विद्यालय आढ़ा
3. प्राथमिक विद्यालय कादिरपुर
4. संविलियन विद्यालय चोला
5. संविलियन विद्यालय अगरई
6. प्राथमिक विद्यालय धमैड़ा नारा
7. प्राथमिक विद्यालय बिरौंडी ताजपुर
8. प्राथमिक विद्यालय चंद्रावली
9. प्राथमिक विद्यालय गेसूपुर नंबर एक
10.प्राथमिक विद्यालय गेसूपुर नंबर दो
11.प्राथमिक विद्यालय मौलाबाद
12.प्राथमिक विद्यालय मसौता
13.संविलियन विद्यालय नगला गोविंदपुर
14.संविलियन विद्यालय नई बस्ती
15.संविलियन विद्यालय शाहपुर कलां
16.संविलियन विद्यालय फरीदपुर
17.संविलियन विद्यालय जैदपुर
18.संविलियन विद्यालय ह्दयपुर
19.उच्च प्राथमिक विद्यालय निठारी
20.19.उच्च प्राथमिक विद्यालय प्रानगढ़
आढ़ा में ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से झुलस गया था छात्र
सिकंदराबाद। विकास खंड के ग्राम आढ़ा में प्राथमिक विद्यालय के बाहर रखे ट्रांसफार्मर का तार टूटने से उसकी चपेट में आकर कक्षा चार का छात्र गंभीर रूप से झुलस गया था। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने छात्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। विद्युत विभाग को लापरवाही का जिम्मेदार ठहराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।