गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र में मेरठ रोड पर स्कूटी की बाइक में टक्कर लगने से स्कूटी सवार दो भाइयों पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बर्फ के सुए से हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान पीड़ित की स्कूटी पर रखा लैपटॉप भी चोरी हो गया। मामले में घूकना निवासी कृष्ण ने नंदग्राम थाने में मनीष, गौरव और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पीड़ित कृष्ण के मुताबिक एक जुलाई की रात करीब नौ बजे वह स्कूटी से अपने भाई वासु उर्फ भास्कर के साथ जा रहे थे। रास्ते में घूकना मोड़ आंबेडकर मूर्ति के पास मनीष और गौरव की बाइक में टक्कर लग गई। इसके बाद उनकी उनसे कहासुनी हो गई। आरोप है कि मनीष और गौरव ने अपने दोस्तों के साथ उन्हें मेरठ रोड पर पिलर नंबर 535 के सामने एक खोखे के पास रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उनपर व उनके भाई पर बर्फ के सुए से हमला कर दिया। हमले में उनके छाती व पेट और भाई वासु के गाल पर गंभीर चोट आई है। इसी दौरान स्कूटी पर रखा उनका लैपटॉप भी चोरी हो गया। एसीपी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जा रही है।