नरसेना में तेंदुआ को पकड़ने के लिए जाल लगाने की मांग करते ग्रामीण। संवाद
नरसेना। क्षेत्र में ग्रामीण लगातार तेंदुआ देखे जाने का दावा कर रहे हैं। मंगलवार को तेंदुआ ने आबादी में घुसकर सेही को मार डाला। मामले की जानकारी लगने पर ग्रामीण सहम गए। वन विभाग द्वारा पिंजरा लगा दिया है।
नरसेना में पिछले तीन दिन से लगातार तेंदुआ देखा जा रहा है। शनिवार की रात विनोद कुमार ने घेर में बंधी गाय पर तेंदुआ को झपट्टा मारते देखा था। घटना गांव निवासी जितेंद्र राणा के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके बाद सोमवार को भी राहगीरों ने सड़क पार करते हुए तेंदुआ देखे जाने का दावा किया था। ग्रामीण राजीव राणा ने बताया कि मंगलवार को उनके खाली प्लॉट में सेही का शव मिला है। आसपास तेंदुआ के पांव के निशान भी बने हुए हैं। आशंका है कि तेंदुआ से बचकर सेही गांव के प्लॉट में पहुंच गई, जहां उसे तेंदुए ने मार कर निवाला बना लिया।
इसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों को दी। वन विभाग द्वारा तेंदुआ पकड़ने के लिए गांव समीप पिंजरा लगाया है, लेकिन तेंदुआ अभी तक पकड़ में नहीं आया है। लोगों का कहना है कि वन विभाग तेंदुए को पकड़ने में लापरवाही बरत रहा है। आबादी तक तेंदुआ पहुंचने से लोगों में दहशत है। ग्रामीण जितेंद्र राणा, सुखबीर सिंह, पवन कुमार व हरबंश सिंह आदि ने पिंजरा के साथ जाल भी लगाने की मांग की है। वन विभाग के डिप्टी प्रमोद कुमार का कहना है कि पिंजरा लगाया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
तेंदुआ की पुष्टि होने के बाद बाइक से जाना किया बंद
बुगरासी। तेंदुआ के सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद दोपहिया वाहन चालकों ने नरसेना क्षेत्र की नहर से जाना बंद कर दिया है। सचिन कुमार, अनिल कुमार, कुंवर पाल सिंह, ओम प्रकाश चौहान, बिजेंद्र सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि नरसेना नहर से गुजरते हुए अब डर लगता है। सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ देखने के बाद अब बाइक से जाना बंद कर दिया है।