पांच लाख की फिरौती के खातिर किया बच्चे का अपहरण, चार गिरफ्तार
बुलंदशहर। कसेरकलां पीएचसी से मंगलवार दोपहर को अपहृत हुए बच्चे को 20 घंटे के भीतर एसओजी ने बदायूं जनपद के संभल थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक महिला समेत दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। आरोपियों ने बच्चे के पिता से पांच लाख रुपये की फिरौती लेने के लिए अपहरण की वारदात को अंजाम दिया था। आईजी ने एसओजी टीम को 50 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
डिबाई थाना क्षेत्र के गांव गोधना निवासी शहजाद का छह वर्षीय पुत्र सादान मंगलवार दोपहर तीन अन्य बच्चों के साथ पीएचसी कसेरकलां में खेलने गया था। वहां स बाइक सवार दो बदमाशों ने बच्चे का अपहरण कर लिया था। एसएसपी ने एसओजी प्रभारी दिनेश यादव को टीम के साथ बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए लगाया था। जांच के दौरान अपहरण में गांव निवासी व्यक्ति सिराजुद्दीन उर्फ पिल्लारु का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था।
सिराजुद्दीन अपहृत बच्चे के पिता शहजाद के साथ केरल में फेरी लगाने का काम करता था। शहजाद ने सिराजुद्दीन को दो लाख रुपये कुछ समय पूर्व किसी काम के लिए दिए थे। सिराजुद्दीन पर अभी एक लाख रुपये बकाया है, जिसे शहजाद मांग रहा था। रुपये लौटाने के लिए आरोपी सिराजुद्दीन ने अपने साथी मोहम्मद रिहान निवासी नेहरू चौराहा थाना गुन्नौर जनपद संभल, शाहिद और मुसब्बिर निवासी गांव बूगाजीत नगलिया थाना जरीफनगर जनपद बदायूं और मोहम्मद अरमान के साथ मिलकर शहजाद के पुत्र के अपहरण और फिरौती मांगने की योजना बनाई। इसके बाद रिहान और अरमान ने बच्चे का अपहरण किया। उसे बाइक से ही लेकर मुसब्बिर के गांव पहुंचे और बच्चे को वहीं छिपा दिया।
पुलिस ने सिराजुद्दीन, शाहिद, मुसब्बिर और मोहम्मद रिहान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बच्चे की तलाशी के लिए बुधवार सुबह मुसब्बिर के घर पहुंची लेकिन तब तक अन्य आरोपी बच्चे को वहां से जंगल लेकर चले गए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर वहां से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस अब आरोपी मुसब्बिर की पत्नी व एक अन्य आरोपी अरमान की तलाश में दबिश दे रही है।
तीन घंटे, 100 किलोमीटर का सफर और सोती रही पांच थानों की पुलिस
बदमाशों ने मंगलवार दोपहर बच्चे का अपहरण डिबाई कोतवाली क्षेत्र से किया। पुलिस को मामले की सूचना दोपहर करीब दो बजे दे दी गई थी। इस दौरान बदमाश बच्चे को लेकर डिबाई, नरौरा, गुन्नौर, संभल और जरीफनगर थाना क्षेत्र से तीन से चार घंटे में गुजर गए लेकिन इन थाना क्षेत्रों में तब तक चेकिंग अभियान भी शुरू नहीं किया गया।
एक महिला समेत दो फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
एसएसपी ने मामले में वारदात के बाद शाम को आरोपी मोहम्मद रिहान व अरमान की शिनाख्त होते ही उन पर 25-25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा कर दी थी। फरार चल रही आरोपी मुसब्बिर की पत्नी व एक अन्य आरोपी अरमान पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
बच्चा बोला, बड़ा होकर बनूंगा पुलिसवाला
बच्चे की बरामदगी के बाद एसएसपी ने पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इस दौरान अपहृत बच्चा भी अपने परिजनों के साथ वहां मौजूद था। बच्चे के परिजन एसएसपी के साथ सेल्फी लेते नजर आए। बच्चे ने कहा कि वह भी बड़ा होकर एक पुलिस अफसर बनेगा और अपराधियों को जेल भेजेगा।
50 से अधिक सीसीटीवी खंगाले, तब मिले अपराधी
वारदात के बाद पुलिस ने करीब 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाली। कुछ फुटेज में बाइक सवार दो आरोपी वारदातस्थल की ओर जाते हुए और फिर बच्चे को साथ लेकर वापस जाते हुए नजर आए। आरोपियों ने बच्चे के सिर पर कपड़ा डाल दिया था और उसे फ्रूटी पिलाने का लालच दिया था। एक फुटेज में बच्चे का पैर ही नजर आ रहा था।
फिरौती मांगने से पहले ही चढ़े पुलिस के हाथ
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बच्चे के पिता से पांच लाख रुपये की फिरौती बुधवार को लेने की योजना बना रहे थे। उससे पहले ही पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा।
मामले में चार आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। मामले में दो आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। - श्लोक कुमार, एसएसपी