अहमदगढ़। गांव खखूड़ा के पास स्टेट हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने एक कार को ओवरटेक कर महिलाओं के साथ लूट की। आरोपियों ने करीब छह लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। पुलिस ने कार सवार आरोपियों के खिलाफ लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
शिकारपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी के लिए उनके परिजनों ने डिबाई क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से रिश्ता तय किया था। मंगलवार को गोद भराई की रस्म के बाद युवक के परिजन घर लौट रहे थे। पीड़ित परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि देर शाम गांव खखूड़ा के पास स्टेट हाईवे पर एक कार ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद कार से उतरे कुछ युवकों ने दूसरी कार में बैठी महिलाओं से सोने के जेवरात छीन लिए। पीड़ित लोगों के मुताबिक आरोपियों ने उनसे चार मंगलसूत्र, एक कॉलर, एक चेन, एक जोड़ी झाले और एक कंठी समेत करीब छह लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार देर रात ही अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट के लिए भारतीय न्याय संहिता की धारा 309 (4) के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
जांच में लूट का मामला निकला फर्जी
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि जिस युवती के साथ गोद भराई की रस्म पूरी करने के बाद युवक और उनके परिजन लौट रहे थे, उस युवती के प्रेम संबंध डिबाई के एक गांव में तैनात पंचायत सहायक से थे। जांच के दौरान पता चला कि उक्त पंचायत सहायक ने ही अपने चार अन्य साथियों के साथ उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका था और युवती की शादी न करने की बात कही थी। जांच में पता चला कि युवती का पूर्व में पहासू के एक गांव निवासी युवक से भी रिश्ता तय हुआ था, लेकिन आरोपी युवक ने तब भी युवक से बात कर डराते हुए रिश्ता तुड़वा दिया था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने रिश्ता तुड़वाने की साजिश रचने वाले दो युवकों के साथ आरोपी पंचायत सहायक को हिरासत में लिया है। जबकि दो अन्य युवक फरार हैं।