प्रशासन ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए स्कूल बसों का भी किया अधिग्रहण
बुलंदशहर। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के शिलान्यास कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ले जाने के लिए जिले के स्कूलों की बसों को भी प्रशासन ने कब्जे में लिया है। बच्चों को स्कूल आने में दिक्कत होने पर स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के लिए कहा गया है। जिला प्रशासन ने करीब 650 बसों से सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और भाजपा ने 1700 से अधिक वाहनों से कार्यकर्ताओं को ले जाने की तैयारी की है।
25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास करेंगे। जनपद जेवर से सटा है। कार्यक्रम में काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया के अनुसार पार्टी के कार्यकर्ता आर पदाधिकारी 1725 छोटेे और बड़े वाहनों से कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जाएंगे। सरकारी योजना के लाभार्थी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शासन से निर्देश मिलने पर जिला प्रशासन और संभागीय परिवहन विभाग तैयारियों में जुट गया है। विभागीय अफसर निजी बसों के साथ स्कूल/कॉलेज में संचालित होने वाले बसों को अपने अधिकार में ले रहे हैं। कार्यक्रम में उप्र परिवहन निगम की बसों को शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में यात्रियों को राहत रहेगी। जिला प्रशासन की ओर से 650 बसों की व्यवस्था की जा रही है। माना जा रहा है कि एक बस में करीब 50 लाभार्थी होंगे। एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि यात्रियों को परेशानी ना हो इसके लिए कुछ बसों को अन्य जनपदों से अधिग्रहण किया जा रहा है।
डीआईओएस ने मांगी जानकारी
जिला सीबीएसई स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिराग शर्मा ने बताया कि स्कूलों से डीआईओएस के माध्यम से स्कूल बसों के बारे में जानकारी मांगी गई है। स्कूलों की बसों को अधिग्रहीत किया गया है। स्कूलों की क्षमता के अनुसार बसों को लिया जा रहा है।
जेवर एयरपोर्ट के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर शासन के निर्देश पर तैयारियां की जा रही हैं। संभागीय परिवहन अफसरों को बसों के अधिग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद से सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल पात्रों कोे कार्यक्रम में शामिल होना है। - सीपी सिंह, जिलाधिकारी
शिलान्यास कार्यक्रम में जिले के 50 हजार लोग लेंगे हिस्सा
बुलंदशहर। जिले के 50 हजार से अधिक लोग जेवर एयरपोर्ट के शिलान्यास कार्यक्रम के गवाह बनेंगे। मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया, वन राज्यमंत्री अनिल शर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता कर बताया कि जेवर एयरपोर्ट जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे न केवल जिले में जमीन की कीमतें बढ़ेंगी, बल्कि लोगों को स्वरोजगार की ओर बढ़ने के अवसर भी मिलेगा। मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने जेवर एयरपोर्ट को अन्यत्र शिफ्ट कर दिया था। भाजपा सरकार ने इसे वापस जेवर में लेकर आई। मंत्री ने कहा कि इससे विदेशी पर्यटक भी जिले में आएंगे। होटल, रेस्टोरेंट, मकान, दुकान समेत अन्य प्रकार के व्यापार में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि जिले से 700 बसें, 400 ट्रैक्टर और 625 छोटी गाड़ियों के माध्यम से लोगों को जेवर ले जाया जाएगा। इस मौके पर विधायक विमला सोलंकी, डा. अनीता लोधी राजपूत, बिजेंद्र खटीक, जिला महामंत्री अजय त्यागी, संजय गुर्जर, शरद त्रिवेदी, संजय माहेश्वरी मौजूद रहे। संवाद