संभलकर निकलें आज, लग सकता है जाम
बुलंदशहर। अगर आपको घर से बाहर निकलना है तो जरा संभलकर निकले। आप जाम में फंस सकते हैं। वजह यह है कि बृहस्पतिवार को जेवर में एयरपोर्ट का शिलान्यास करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित कार्यक्रम है, जिसमें जिले से 50 हजार से अधिक लोगों के जाने का दावा किया गया है। ऐसे में लोगों को जाम का सामना करना पड़ सकता है।
जेवर में आयोजित कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में जाम की समस्या न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने भी तैयारी कर रखी है, प्रत्येक आठ किमी पर एक दरोगा और चार सिपाहियों की तैनाती की जाएगी।
जिला प्रशासन की ओर से 650 से अधिक बसों में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम में ले जाया जाएगा। वहीं भाजपा पदाधिकारियों ने करीब दो हजार वाहनों से 50 हजार से अधिक लोगों को लेकर जाने की तैयारी की है। बुलंदशहर से जेवर मार्ग की चौड़ाई कम होने के कारण जाम लगने की समस्या बन सकती है। इससे निपटने के लिए पुलिस की ओर से कार्य योजना तैयार की गई है। विभिन्न प्वाइंट को चिह्नित करते हुए वहां पर इंस्पेक्टर, दरोगा और अन्य पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही जिले से लोगों को लेकर जाने वाली बसों में एक-एक पुलिसकर्मी को सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया जाएगा।
लगा जाम तो वाहनों को होल्ड करने की है व्यवस्था
बुलंदशहर से जेवर, खुर्जा से जेवर, सिकंदराबाद से जेवर की ओर हजारों की संख्या में गाड़ियों के एक साथ पहुंचने के कारण जाम लग सकता है। हालांकि अधिकारियों ने बिना रूट डायवर्जन के ही प्लान तैयार किया है। योजना के तहत प्रत्येक आठ किमी की दूरी पर एक दरोगा और चार-चार सिपाही इसलिए तैनात किए जाएंगे ताकि जाम लगे तो ट्रैफिक को होल्ड करते हुए पहले जाम खुलवाया जाए और फिर अन्य वाहनों को निकाला जाए।
चिह्नित प्वाइंट पर तैनात रहेंगे एक इंस्पेक्टर और चार एसओ
एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि विभिन्न थाना क्षेत्र में प्वाइंट चिन्हित करने की कार्रवाई की गई है। इस दौरान खुर्जा नगर, चोला मोड़, चोला थाना, ककोड़ थाना, झाझर के पास एक-एक इंस्पेक्टर के साथ चार-चार एसओ व अन्य पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी हाल में सुरक्षा व्यवस्था में चूक न हो और असामाजिक तत्वों पर काबू किया जा सके।
बाइक रैली निकालने की तैयारी
बताया जा रहा है कि युवा मोर्चा की ओर से सौ से अधिक बाइकों की एक बाइक रैली भी निकाली जाएगी। जिले से करीब 700 बसों, 400 ट्रैक्टर और 625 से अधिक कार से लोगों को जेवर ले जाने की योजना है। जिलाध्यक्ष अनिल सिसौदिया ने बताया कि सभी कार्यकर्ता लोगों को कार्यक्रम में ले जाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक बस में एक-एक पुलिसकर्मी, विभिन्न प्वाइंट को चिन्हित करते हुए इंस्पेक्टर और चार-चार एसओ तथा प्रत्येक आठ किमी पर एसओ व अन्य पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। लोग जाम में न फंसे, इसके लिए भी व्यवस्था की गई है।
- संतोष कुमार सिंह, एसएसपी