संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। आपको यदि आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र बनवाना है तो इसके लिए आपका आधार अपडेट होना चाहिए। साथ ही आधार कार्ड से मोबाइल नंबर लिंक होना चाहिए। इसके बिना आवेदन नहीं हो पाएगा। इस आधार पर पांच से 10 साल पुराने हैं और मोबाइल नंबर बदल गया है, उनको परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर फरवरी माह से नियम बदल गए हैं। अब आधार कार्ड से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से पोर्टल पर जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन हो रहा है। ऐसी स्थिति में प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने से पहले आधार में नाम और मोबाइल फोन नंबर सही होना आवश्यक है। जनसेवा केंद्र संचालक रिंकू लोधी ने बताया कि नौकरी आदि के लिए लोग आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आ रहे हैं। संबंधित को आधार से लिंक हुए मोबाइल नंबर को साथ लेकर आने को कह दिया जाता है। कुछ के नंबर आधार से लिंक नहीं होते हैं।
सदर तहसील के लेखपाल वीके सिंह ने बताया कि ई-डिस्टि्रक्ट पोर्टल पर प्रतिदिन जिलेभर में हजारों लोग आय, जाति व मूल निवास के लिए आवेदन करते हैं। अब जिन लोगों का आधार मोबाइल नंबर से लिंक होगा, तभी आवेदन कर सकेंगे। पूर्व में लोगों के आधार कार्ड में नाम, पता आदि गलत होने पर भी आवेदन कर देते थे। अब संबंधित को आवेदन करने से पूर्व नाम, पता आदि को भी सही कराना होगा।
एडीएम प्रशासन प्रशांत कुमार ने कहा कि पोर्टल पर आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र के लिए जितने भी आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, उस पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। आधार से संबंधित का मोबाइल नंबर लिंक कराने के लिए नागरिकों को स्वयं जागरूक होना होगा।