बुलंदशहर। कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापारिक साझेदारी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक वृद्ध से फर्म बनाने के बहाने दो लाख रुपये ठग लिए गए। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने हरियाणा के रहने वाले पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंगानगर स्थित बरन अपार्टमेंट निवासी कंच्छी लाल शर्मा ने दी तहरीर में बताया कि उनकी जान-पहचान हरियाणा के करनाल निवासी तेजपाल मलिक और उसके पुत्र शुभम मलिक से थी। आरोपियों ने पीड़ित को झांसा दिया कि वे मिलकर एक व्यापारिक फर्म बनाएंगे, जिसमें मोटा मुनाफा होगा। इसी झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने आरोपियों को दो लाख रुपये दे दिए।
कोट
- पीड़ित की तहरीर और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - प्रखर पांडेय, सीओ सिटी