संवाद न्यूज एजेंसी
चोला। कोचिंग से लौट रही एक छात्रा का सेना के जवान ने अपहरण करने का प्रयास किया। आरोपी ने जबरन छात्रा को कार में बैठाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। बाद में आरोपी उसे एक मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया।
थाना पुलिस को शिकायत देकर एक गांव निवासी छात्रा ने बताया कि वह कोचिंग से लौट रही थी। ऑटो का इंतजार करते समय गांव का ही रहने वाला आरोपी सेना का जवान अपनी कार लेकर मौके पर पहुंचा और जबरन उसे कार में खींच लिया। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें की। जब उसने परिजनों को फोन करने के लिए फोन निकाला तो आरोपी ने उसका फोन छीन लिया। बाद में आरोपी उसे एक मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता ने आरोपी सेना के जवान पर आरोप लगाया कि जब भी वह छुट्टी आता है तो उसे परेशान करता है। मामले में सीओ सिकंदराबाद पूर्णिमा सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में जांच की जा रही है। जल्द आगे कार्रवाई की जाएगी।