मस्तराम घाट पर गंगास्नान के दौरान जीजा-साले व दो सगी बहनें डूबीं
अनूपशहर। मस्तरामघाट और हरिद्वारपुर भैरिया गंगातट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान जीजा-साले और दो सगी बहनें डूब गईं। मस्तरामघाट पर डूबे एक किशोर अमन का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि उसके जीजा कैलाश को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। हरिद्वारपुर भैरिया गंगातट पर दो सगी बहन डूब गईं। जिनमें 15 वर्षीय रचना को पीएसी फ्लड प्लाटून के जवानों ने बचा लिया। जबकि, उसकी बहन माधुरी का अभी तक सुराग नहीं लग सका है। जिसकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
सोमवती अमावस्या के चलते सोमवार को बड़ी तादात में श्रद्धालु दूर दराज से गंगा स्नान के लिए अनूपशहर पहुंचे थे। सुबह से ही बबस्टरगंजघाट, गंगापुल, मस्तरामघाट और भौरिया हरिद्वारपुर गंगातट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। गंगा मार्ग पर कई बार जाम के हालात बने। जिस पर काबू पाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी है। वहीं, अलीगढ़ जिले के थाना हरदुआगंज के गांव नगला बंजारा उर्फ जटपुरा का नगला निवासी संजय कश्यप का परिवार रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान के लिए अनूपशहर के मस्तराम घाट पहुंचा। जिसमें संजय कश्यप का 15 वर्षीय बेटा अमन उर्फ चीकू तेज बहाव व गहरे जल की चपेट में आकर डूबने लगा। जिसे बचाने के लिये उनका भतीजा दामाद दिल्ली निवासी कैलाश भी डूबने लगा। जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने बचा लिया। जबकि अमन डूब गया। किशोर के गंगा में डूबने की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और एसडीएम वीके गुप्ता के निर्देशन में पीएसी फ्लड प्लाटून के जवानों और स्थानीय व राजघाट से आए गोताखोरों ने तलाशी अभियान चलाया। करीब चार घंटे बाद अमन का शव मिल गया।
वहीं, दूसरी ओर हरिद्वारपुर भैरिया गंगातट पर डिबाई क्षेत्र के गांव इंदौर खेड़ा से अपने परिजनों के साथ अमावस्या पर गंगास्नान के लिए आईं दो सगी बहन रचना और दस वर्षीय माधुरी नहाने के दौरान डूबने लगीं। इस दौरान वहां मौजूद पीएसी के जवान प्रदीप कुमार, सहदेव कुमार और सतेंद्र यादव ने रचना को बचा लिया। जबकि, माधुरी अभी लापता है। जिसकी तलाशी में रेस्क्यू चलाया जा रहा है।
पुल से युवक ने गंगा में लगाई छलांग
अनूपशहर। रविवार रात एक अज्ञात युवक ने पुल पर बाइक खड़ी कर गंगा में छलांग लगा दी। युवक के बचाओ-बचाओ का शोर सुनकर पालेज किसान दौड़ कर मौके पर पहुंचे। युवक के गंगा में कूदने की जानकारी राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस ने युवक को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुल पर मिली बाइक के नंबरों के आधार पर जानकारी करने पर डूबे युवक की पहचान डिबाई क्षेत्र के गांव याबापुर निवासी अशोक कुमार शर्मा के रूप में हुई। अशोक कुमार शर्मा रविवार को घर से किसी बात पर नाराज होकर आ गया था और गुस्से में उसने अनूपशहर आकर गंगापुल से गंगा में छलांग लगा दी। प्रभारी निरीक्षक यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा पीएसी फ्लड प्लाटून के माध्यम से तलाशी कराई जा रही है।
नरौरा में दो किशोर डूबे, एक का शव बरामद
नरौरा। थाना क्षेत्र में सोमवार को अमावस्या पर नरौरा और राजघाट गंगा घाटों पर स्नान के दौरान गहरे पानी में पहुंचने से किशोर सहित दो लोग नदी में डूब गए। स्थानीय गोताखोरों ने राजघाट में डूबे किशोर को मूर्छित अवस्था में नदी से निकाला लिया लेकिन चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।
राजघाट गंगा तट पर अपनी माता लाडो देवी व पिता धारा सिंह एवं अन्य परिजनों व रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान को आया किशोर लकी (15) निवासी गांव कुबूलपुर, थाना मलपुरा जनपद आगरा गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से नदी में डूब गया। लकी को डूबता देख परिजनों के शोरशराबे पर स्थानीय तैराकों व नाविकों ने तत्काल बचाव अभियान चलाया। लेकिन, लकी को मूर्छित अवस्था में नदी से निकाला जा सका। जिसे लेकर परिजन एनएपीएस चिकित्सालय नरौरा पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजन स्वेच्छा से बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।
वहीं, नरौरा गंगाघाट पर स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने पर रिंकू अग्रवाल (26 वर्ष) निवासी मथुरा स्नान के दौरान गंगा में डूब गया। रिंकू परिवार के साथ गंगा स्नान को नरौरा आए थे। सुबह के समय गंगा स्नान के दौरान रिंकू अग्रवाल गहरे जल में चले जाने के कारण नदी में डूब गया। जिसकी तलाश की जा रही है।
लकी के शव को उसके परिजन बिना किसी कार्रवाई के स्वेच्छा से अपने साथ ले गए। जबकि, नदी में डूबे रिंकू अग्रवाल की गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश कराई जा रही है। - बजरंग बली चौरसिया, एसपी देहात